अमेरिका में सैकड़ों प्रदर्शनकारी गिरफ्तार - Zee News हिंदी

अमेरिका में सैकड़ों प्रदर्शनकारी गिरफ्तार




न्यूयार्क : अमेरिका में आर्थिक संकटों का सामना कर रही जनता अब बगावत पर उतर आई है। कॉरपोरेट जगत में फैले भ्रष्टाचार, ग्लोबल वार्मिंग और सामाजिक विषमताओं के खिलाफ सैकड़ों लोग न्यूयार्क की सड़कों पर उतर चुके हैं। आक्रोशित जनता ने ब्रुकलीन ब्रिज पर एक तरफ के ट्रैफिक को रोक दिया। इस बीच, पुलिस और जनता के बीच झड़प भी हुई। विरोध कर रहे लोग सड़कों पर उतर गए, जिससे पुल पर ट्रैफिक ठप हो गया। आखिरकार पुलिस ने 700 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिसकर्मियों ने ब्रुकलिन पुल को यातायात के खोल दिया। ऑकुपाई वॉल स्ट्रीट मूवमेंट (वॉल स्ट्रीट पर कब्जा करो अभियान) नाम का यह प्रदर्शन न्यूयॉर्क में पिछले एक हफ्ते से हो रहा है। अरब देशों में लोकतंत्र के लिए हुई क्रांतियों से प्रेरित ‘ऑक्यूपाई वाल स्ट्रीट की वेबसाइट पर कहा गया है कि हम सभी नस्लों के लोग हैं, हम बहुमत में हैं। हम 99 प्रतिशत हैं और हम अब चुप नहीं बैठेंगे। हम मौजूदा आर्थिक और राजनीतिक माहौल से संतुष्ट नहीं हैं और इसी को लेकर विरोध कर रहे हैं।

प्रत्‍यक्षदर्शियों का कहना है कि ब्रुकलिन ब्रिज पर पुलिसकर्मियों ने जब प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करना शुरू किया तो कुछ प्रदर्शनकारियों ने इसका विरोध किया, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। विरोध प्रदर्शन मार्च मैनहेटन के पास से शुरू होकर ब्रुकलिन ब्रिज पर पहुंचा था। गुस्साए लोग जब ब्रुकलिन ब्रिज पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें फुटपाथ पर चलने को कहा, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर गए जबकि कुछ सड़क पर ही बैठ गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को फुटपाथ पर ही रहने की कई बार हिदायत दी थी। न्यूयार्क पुलिस डिपार्टमेंट के प्रवक्ता पॉल ब्राउन ने बताया कि चेतावनी के बावजूद वे सड़क पर उतरे, जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका लक्ष्य करीब 20 हजार लोगों को इस आंदोलन में शामिल करके वॉल स्ट्रीट पर बिस्तर, किचन और बैरीकेड लगाकर कॉरपोरेट जगत में फैले भ्रष्टाचार और लालच का विरोध करना है।

विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि वे वॉल स्ट्रीट पर कब्जा करना चाहते हैं,लेकिन पुलिस इन प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटने से भी गुरेज नहीं कर रही है। गौरतलब है कि वॉल स्ट्रीट न्यूयॉर्क का व्‍यापारिक क्षेत्र है और यहां शेयर बाजार समेत कई नामी कंपनियों के दफ्तर हैं। इससे पूर्व, बोस्टन में बैंक ऑफ अमेरिका के कार्यालय के बाहर भी शनिवार को प्रदर्शन हुआ। राइट टू द सिटी की ओर से इस प्रदर्शन को आयोजित किया था। वे बैंकों की नीतियों और कॉर्पोरेट लालच के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 3, 2011, 15:13

comments powered by Disqus