आंग सान सू की को समर्थन देगा ओबामा - Zee News हिंदी

आंग सान सू की को समर्थन देगा ओबामा

 

यांगून : अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सुधार कार्यक्रमों को जारी रखने की स्थिति में म्यांमार के समक्ष रिश्तों के नए युग की शुरुआत की पेशकश के साथ ही लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची से पूरे समर्थन का वादा किया है।

 

विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन म्यांमार के दौरे पर हैं। उनके जरिए ओबामा ने म्यांमार के राष्ट्रपति थेन सेन और सू ची के लिए पत्र भेजे हैं। सेन को भेजे गए संदेश में ओबामा ने रिश्तों की नई शुरुआत की पेशकश की है और राजनीतिक सुधारों का आग्रह किया है। हाल के महीनों में म्यामां ने कई सुधारों के जरिए जानकारों को हैरान कर दिया है। इनमें सू ची की रिहाई, विपक्ष के साथ संवाद और कुछ राजनीतिक बंदियों को मुक्त करना प्रमुख हैं।

 

ओबामा ने अपने संदेश में कहा,  अमेरिका इस संभावना को तलाशना चाहता है कि यहां लोकतंत्र के लिए बदलाव और मानवाधिकार की सुरक्षा को बढ़ावा देने में कैसे मदद कर सकता है। अमेरिकी अधिकारियों ने ओबामा के संदेश के बारे में जानकारी दी है। किसी तरह के विवाद से बचने के लिए ओबामा ने अपने पत्र म्यांमार अथवा बर्मा के तौर कोई नाम नहीं लिया है। यहां की सैन्य सरकार ने 1989 में बर्मा का नाम म्यांमार कर दिया था, लेकिन अमेरिका आज भी इसे बर्मा ही कहता है।   (एजेंसी)

 

First Published: Thursday, December 1, 2011, 21:14

comments powered by Disqus