Last Updated: Wednesday, July 25, 2012, 20:07
सिनाबैंग (इंडोनेशिया) : इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप के पश्चिमी तट पर आज 6.4 तीव्रता का भूकंप आया जिससे घबरा कर लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर आ गए।
अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के सदमे से एक व्यक्ति अपने घर से बाहर आते आते बेहोश हो गया और फिर उसकी मौत हो गई। कई स्कूलों और अन्य इमारतों को भूकंप से नुकसान हुआ है।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने बताया कि स्थानीय समय के अनुसार सुबह छह बजे सुमात्रा के पश्चिमी तट पर स्थित एक दूरस्थ द्वीप सिमेउल्यू की राजधानी सिनाबैंग से 34 किमी उत्तर पश्चिम में 33 किमी की गहराई पर भूकंप आया था।
सिनाबैंग के निवासियों ने बताया कि करीब एक मिनट तक उन्हें तेज झटके महसूस हुए और बिजली चली गई। लोग घबरा कर अपना सामान लिए हुए घरों से बाहर भागे। कुछ लोग तो चीख रहे थे। भूकंप से कई मकानों में दरार आ गई है। कुछ लोग भूकंप के बाद घर लौट चुके हैं लेकिन कुछ लोग अभी भी बाहर ही हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 25, 2012, 20:07