इटली जहाज हादसा: कप्तान नजरबंद - Zee News हिंदी

इटली जहाज हादसा: कप्तान नजरबंद



इटली : इटली के जहाज क्रूज कोस्टा कॉनकोर्डिया के कप्तान फ्रांसेस्को शेटिनो आज अमाल्फी तट स्थित अपने घर पहुंचे जहां उन्हें नजरबंद कर दिया गया है। इसबीच खराब मौसम एवं अन्य कारणों से शुक्रवार से चल रहे बचाव कार्य को रोकना पड़ा है।

 

गोताखोरों, बचाव दल और सैनिकों ने अभी तक इस आधे डूबे हुए क्रूज के मलबे में से 11 शव निकाले हैं।
अभी भी 20 यात्री और चालक दल के कई सदस्य लापता हैं। इन सभी के रिश्तेदार दुर्घटना स्थल के पास होटलों में अपने लोगों के बारे में सूचनाओं का इंतजार कर रहे हैं।

 

शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हुआ यह क्रूज एक चट्टान पर टिका हुआ था लेकिन आज वह उसपर से खिसकने लगा है जिसके कारण बचावकर्मियों को अपना काम रोकना पड़ा है। बचाव कर्मियों को डर है कि जहाज जिस चट्टान के सहारे टिका हुआ है वहां से फिसल कर पूरी तरह समुद्र में डूब सकता है।

 

आपातकालीन सेवाओं के प्रवक्ता लुका कारी ने बताया, उपकरण दिखाते हैं कि जहाज अपनी जगह से हिला है, अब हम यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वह फिर किसी उचित स्थान पर टिका है, ताकि हम बचाव कार्य फिर शुरू कर सकें। अभी इस वक्त तो हम उसके करीब भी नहीं जा सकते।

 

इटली के लक्जरी क्रूज कोस्टा कॉनकोर्डिया के 52 वर्षीय कप्तान फ्रांसेस्को शेटिनो को -- इटली के एक अखबार ने ‘इटली का सबसे नफरतजदा पुरूष’ बताया है। अगर शेटिनो पर लगा नरसंहार और यात्रियों को निकाले बगैर जहाज छोड़ने का आरोप सिद्ध हो जाता है तो उन्हें वर्षों तक जेल में रहना पड़ेगा। कप्तान शेटिनो ने अपना बचाव करते हुए कहा है कि जहाज के चट्टान से टकराने के बाद उनकी युक्ति (बुद्धिमत्ता) के कारण लोगों का जीवन बचाया जा सका।

 

उन्होंने कहा कि वह तट से चल रहे बचाव कार्य के साथ समन्वय के लिए जहाज से उतरे थे। लेकिन बंदरगाह अधिकारियों के साथ शेटिनो की बातचीत की एक रिकार्डिंग से आश्चर्यजनक खुलासा हुआ है। इसमें दुर्घटना के बाद बंदरगाह अधिकारी शेटिनो को बार-बार जहाज पर वापस जाने को कह रहा है लेकिन उन्होंने हर बार जवाब दिया कि वह जहाज तक नहीं पहुंच सकते हैं।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 18, 2012, 18:26

comments powered by Disqus