Last Updated: Sunday, January 15, 2012, 03:40
इटली : इटली के तट के पास शुक्रवार की रात डूबे जहाज के मलबे के पास से रविवार को एक हेलिकॉप्टर के जरिए तीसरे व्यक्ति को बचाया गया। यह इतालवी नागरिक जहाज के केबिन सर्विस में काम करते थे। उधर अधिकारियों ने इस दुर्घटना के बाद लापता लोगों की संख्या 40 से घटा कर 17 कर दी है।
इससे पहले शनिवार रात एक दक्षिण कोरियाई जोड़े को बचाया गया था, जो हनीमून पर गया हुआ था। इस दुर्घटना में अभी तक तीन लोगों के मरने की पुष्टि की गई है।
गौरतलब है कि कोस्टा कोनकोरडिया नामक इस जहाज में 4,200 से ज्यादा लोग सवार थे। इटली में रोम के निकट सिवीटावेशिया बंदरगाह से रवाना होने के बाद शुक्रवार को यह जहाज एक चट्टान से टकरा गया और कुछ ही देर बाद एक तरफ झुकने लगा।
गिग्लिओ द्वीप के करीब इसका लगभग आधा हिस्सा पानी में डूब गया। जहाज के चालक दल के छह सदस्यों और 11 यात्रिओं का अभी तक पता नहीं चला है।
अधिकारी जहाज के कप्तान फ्रांसेस्को शेटिनो को लोगों की मौत व लोगों से पहले जहाज छोड़ने का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 16, 2012, 11:40