Last Updated: Monday, July 23, 2012, 08:13

बगदाद: इराक में अस्थिर सुरक्षा स्थिति के बीच दो प्रमुख शहरों में कार बम विस्फोट में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गयी, जबकि 33 लोग घायल हो गये।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि बगदाद के उत्तरी शहर मोसूल के पुलिस थाने के बाहर सुबह एक कार बम विस्फोट से एक पुलिसकर्मी की मृत्यु हो गयी, जबकि दूसरा पुलिसकर्मी घायल हो गया।
इसके अलावा बगदाद से 360 किमी दूर अल-कायदा के प्रभुत्व वाले पश्चिमी मोसूल के पड़ोसी शहर में एक अन्य विस्फोट से नौ लोग घायल हो गये।
मोसूल के अस्पताल के अधिकारियों ने हताहतों की संख्या के बारे में पुष्टि की। हालांकि किसी भी अधिकारी ने अधिकृत रूप से इसकी जानकारी नहीं दी है। इराक की शिया नीत सरकार में सुन्नी विद्रोहियों ने मुख्य रूप से सुरक्षा अधिकारियों को लक्ष्य करके विस्फोट किये थे। इसके अलावा शिया श्रद्धालुओं को भी लगातार निशाना बनाया जा रहा है। विद्रोही इराक में गुटीय लड़ाई को तेज करने के प्रयास में लगे हुए हैं।
सुबह शियाओं के पवित्र शहर नजाफ में एक कार बम विस्फोट किया गया। उन्होंने बताया कि इमाम अली मस्जिद से करीब 700 मीटर दूर एक अन्य विस्फोट किया गया। यह शिया समुदाय के लोगों की सबसे प्रतिष्ठित मस्जिद है।
नजफ के स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता सलीम नामा ने बताया कि इस विस्फोट में 23 लोग घायल हो गये। जिनमें से चार की हालत गंभीर बतायी जा रही है।नजफ बगदाद के दक्षिण में करीब 160 किमी दूर स्थित है। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 23, 2012, 08:13