Last Updated: Friday, August 17, 2012, 09:29
बगदाद : रमजान समाप्त होने से पहले पूरे इराक में हुए हमलों में कम से कम 53 लोग मारे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इराक में ईद की तैयारियों के बीच देशभर के 15 शहरों और कस्बों में एक दर्जन से अधिक विस्फोट और गोलीबारी की घटनाएं हुईं। इन हमलों में बहुत सी मौतों के साथ ही 250 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।
स्वास्थ्य और सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि हालिया हमलों में मारे गए लोगों को मिलाकर इस महीने हिंसा में मरने वाले लोगों की कुल संख्या 198 हो गयी है। बगदाद के अंदर और बाहर श्रृंखलाबद्ध बम धमाकों में 26 लोगों की मौत हो गई है।
स्वास्थ्य और सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार शाम उत्तरी बगदाद के निकट सद्र शहर में विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई और 41 अन्य घायल हो गए। राजधानी के उत्तर में स्थित हुसैनिया जिले में एक कार में हुए विस्फोट में छह लोग मारे गये और 26 अन्य घायल हो गये।
सुरक्षाबल और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बगदाद के उत्तर में बंदूकधारियों ने एक चौकी पर हमला किया जिसमें कम से कम छह सैनिकों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। जफरानियाह शहर में हुए दो बम विस्फोटों में तीन लोग मारे गए और 11 अन्य घायल हो गए। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 17, 2012, 09:29