इराक में शिया श्रद्धालुओं पर हमला,72 मरे

इराक में शिया श्रद्धालुओं पर हमला,72 मरे

इराक में शिया श्रद्धालुओं पर हमला,72 मरेबगदाद: इराक की राजधानी बगदाद और कई अन्य शहरों में शिया श्रद्धालुओं को निशाना बना कर किए गए विभिन्न कार बम हमलों में कम से कम 72 लोग मारे गए और 250 से अधिक घायल हो गए। अमेरिकी फौजों के इराक से हटने के बाद से ये सबसे भीषण हमलों में से एक थे।

यह रक्तपात राजनीतिक विभाजन की पृष्ठभूमि में हुआ है। इसके कारण तनाव बढ़ गया है तथा इससे हिंसा का नया दौर शुरू होने की आशंका बन गयी है जिससे इराक गृहयुद्ध के कगार पर पहुंच सकता है।

इन हमलों की अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन शक की सुई सुन्नी विद्रोहियों की ओर घूम रही है जो इराक में अक्सर शियाओं को निशाना बनाते रहते हैं।

अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। यह हमले बगदाद में चार अलग अलग स्थानों पर शियाओं के जुलूसों को निशाना बना कर किए गए।

इस सप्ताह सालाना आयोजनों को निशाना बना कर किया गया यह तीसरा हमला है। गौरतलब है कि वाषिर्क तीर्थयात्रा में हजारों श्रद्धालु बगदाद के उत्तरी पड़ोस काजीमिया की स्वर्ण गुंबद वाली मजार पर जुटते हैं। यह आयोजन आठवीं शताब्दी के शिया धर्मगुरू इमाम मूसा अल कादिम की पुण्यतिथि मनाने के लिए एकत्र होते हैं। आयोजन शनिवार को खत्म होगा। (एजेंसी)

First Published: Thursday, June 14, 2012, 08:12

comments powered by Disqus