Last Updated: Wednesday, February 15, 2012, 12:57
तेहरान : ईरान ने पश्चिमी देशों द्वारा प्रतिबंधों को कड़ा किए जाने के वाबजूद अपने तेहरान अनुसंधान संयत्र में स्वदेश में निर्मित परमाणु ईधन की छड़ें लगाने का काम शुरू कर दिया है। तेहरान के परमाणु रिएक्टर में घरेलू ईंधन की छड़ें डाली गई हैं। सरकारी संवाद समिति इरना ने कहा कि राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने उत्तरी तेहरान में स्थित संयत्र में स्वदेश निर्मित पहली परमाणु ईधन छड़ लगाईं। ईरान ने अपने परमाणु संयंत्र को दुनिया के सामने जगजाहिर कर अपनी परमाणु ताकत का प्रदर्शन किया और परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी अन्य कई उपलब्धियां भी दिखाईं। इस घटना के बाद चीन खुलकर ईरान के समर्थन में आ गया है।
सरकारी टेलीविजन ने आज के समारोह का सीधा प्रसारण किया, जिसमें दिखाया गया कि विशेषज्ञ अहमदीनेजाद को प्रक्रिया समझा रहे हैं। यह घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है जब ईरान ने कहा है कि उसने यूरोपियन यूनियन के छह देशों को अपना तेल निर्यात बंद कर दिया है।
वहीं, राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है। हम बम नहीं बना रहे हैं। पश्चिम देशों के दोहरे मापदंड हैं। परमाणु तकनीक पर पाबंदियां जायज नहीं हैं। हमें परमाणु तकनीक से महरूम रखने का इरादा क्यों पाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे दुश्मन ताकतवर होने का दावा करते हैं, पर वे कमजोर हैं। इस बीच, अमेरिका और इजरायल ने भारत पर ईरान से संबंध तोड़ने के लिए दबाव बढ़ा दिया है।
ईरान ने नए यूरेनियम संवर्धित सेंट्रीफ्यूज और परमाणु संयंत्र के लिए ईंधन की प्लेट बनाकर अपने परमाणु कार्यक्रम की दिशा में काफी तरक्की कर ली है। सरकारी टेलीविजन ने बुधवार को यह जानकारी दी। तेहरान ने कार्बन फाइबर से बने चौथी पीढ़ी के सेंट्रीफ्यूज को विकसित कर लिया है। यह सेंट्रीफ्यूज सुपरसोनिक गति से यूरेनियम को संवर्धित करने में सक्षम है। इसके अलावा यह कचरे की कम मात्रा उत्पन्न करने के साथ ही जगह भी कम लेता है।
रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने तेहरान स्थित अपने एक अनुसंधान संयंत्र के लिए 20 प्रतिशत ईंधन प्लेटों को भी विकसित किया है। इसमें यह भी कहा गया है कि ईरान ने अपने नातान्ज संयंत्र में 20 प्रतिशत यूरेनियम संवर्धन की दिशा में प्रगति कर ली है। ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उपप्रमुख अली बाघेरी ने बातचीत में कहा कि पश्चिमी देश हमारी मदद नहीं करना चाह रहे थे, लिहाजा हमने परमाणु ईंधन की छड़ें बनाने के लिए यूरेनियम को 20 प्रतिशत संवर्धित करना शुरू किया।
उधर, ईरान और पश्चिमी देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार, ईरान ने यूरोपियन यूनियन के छह देशों की तेल सप्लाई रोक दी है। इन देशों में इटली, फ्रांस, स्पेन, ग्रीस, नीदरलैंड, पुर्तगाल हैं। वहीं, ईरान ने अपनी परमाणु तैयारियों की नुमाइश की है। राष्ट्रपति अहमदीनेजाद ने परमाणु संयंत्रों का निरीक्षण किया है। ईरान ने कहा है कि उसने परमाणु संयंत्रों में घरेलू ईंधन की छड़ें डाली हैं।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, February 16, 2012, 11:27