ईरान परमाणु हथियार बनाने में सक्षम! - Zee News हिंदी

ईरान परमाणु हथियार बनाने में सक्षम!



वॉशिंगटन : ईरान ने विदेशी वैज्ञानिक की मदद से परमाणु हथियार बनाने के लिए जरूरी प्रक्रिया का ज्ञान हासिल कर लिया है और वह परमाणु सक्षम होने की दहलीज पर खड़ा है।

 

वॉशिंगटन पोस्ट ने पश्चिमी राजनयिकों के हवाले से खबर दी है कि ईरान ने सोवियत संघ के पूर्व हथियार वैज्ञानिक और महत्वपूर्ण तकनीक से जुड़े पाकिस्तान एवं उत्तरी कोरिया के विशेषज्ञों की मदद से कुछ अहम तकनीकी बाधाएं दूर कर ली हैं।

 

संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों के निष्कर्षों की जानकारी हासिल करने वाले राजनयिकों और परमाणु विशेषज्ञों ने कहा कि सोवियत वैज्ञानिक ने पिछले कुछ वर्षों में ईरानियों को हथियारों के लिए उच्च गुणवत्ता के डेटोनेटर बनाना सिखाया है।

 

इस खुफिया जानकारी को इस सप्ताह अंतरराष्ट्रीय परमाणु उर्जा एजेंसी (आईएईए) के सदस्यों को बताया जाएगा। ये सदस्य ईरान द्वारा विकसित हो रही मिसाइलों में रेडियोधर्मी पदार्थों में प्रयोग करने के कथित प्रयास पर ध्यान केन्द्रित करेंगे। ईरान द्वारा जल्द ही परमाणु बम बनाने की संभावनाओं के बीच सैन्य हमले के नए खतरे पैदा हो गए हैं।  (एजेंसी)

First Published: Monday, November 7, 2011, 16:07

comments powered by Disqus