Last Updated: Wednesday, September 18, 2013, 15:33
ताशकंद : उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद से भारत पर प्रसारित होने वाला अख्मदजान कासीमोव का विशेष रेडियो कार्यक्रम ‘नमस्ते हिंदुस्तान’ अब 15 वर्ष पूरे करने जा रहा है। योशलार रेडियो पर सप्ताह में दो बार प्रसारित होने वाला 50 मिनट का यह कार्यक्रम भारतीय रीति रिवाज, फिल्मों और समसामयिक घटनाओं का संग्रह है।
कोसीमोव ने कहा, मैं प्रत्येक कार्यक्रम में पांच छह गीत बजाता हूं जो अक्सर नये बॉलीवुड गाने होते हैं। श्रोता मुझसे बॉलीवुड के नये गाने बजाने का अनुरोध करते हैं। इन दिनों कई लोग (प्रकाश झा की) फिल्म ‘सत्याग्रह’ के गाने बजाने के लिए कहते हैं। वे शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन और रितिक रोशन के बारे में जानना चाहते हैं। उन्होंने कहा, लोगों भारत की प्रत्येक जानकारी अच्छी लगती है। वे मुझसे भारतीय त्योहारों जैसे दिवाली, होली और करवा चौथ के बारे में पूछते हैं। वे मुझसे जानना चाहते हैं कि भारतीय विवाह कैसे होते हैं, लड्डू कैसे बनते हैं, वे फिल्मी खबरें, समसामयिक घटनाएं जैसे दिल्ली पुस्तक मेला के बारे में मुझसे पूछते हैं। श्रोताओं के अजीबोगरीब अनुरोधों के बारे में उन्होंने कहा कि श्रोता उनसे शाहरूख खान को उज्बेकिस्तान लाने के लिए कहते हैं।
कासीमोव ने हिंदी अंदीजान के एक विद्यालय में सीखी। कोसीमोव ने बताया कि उन्होंने रेडियो के हिंदी वर्ग में काम पूर्ववर्ती सोवियत संघ में वर्ष 1980 में शुरू किया। उन्होंने वर्ष 1997 में उज्बेकिस्तान टेलीविजन पर कार्यक्रम ‘नमस्ते’ की मेजबानी की लेकिन वह लंबे समय नहीं चला। अगले वर्ष 25 नवम्बर से उन्होंने ‘नमस्ते हिंदुस्तान’ शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा, ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान से श्रोताओं के भी पत्र आते हैं। कासीमोव स्वयं बॉलीवुड के जबरदस्त प्रशंसक हैं। उन्होंने फिल्म नेताजी में पूर्ववर्ती सोवियत संघ के दूतावास के सुरक्षा गार्ड की एक छोटी से भूमिका की थी।
उन्होंने इसके साथ ही बॉलीवुड की करीब 300 फिल्मों की डबिंग उज्बेक भाषा में की है। इन फिल्मों में ‘रावन’ और ‘डॉन 2’ शामिल हैं। यह पूछे जाने पर कि वह कितने दिनों पर भारत की यात्रा करते हैं, उन्होंने कहा, मैं सात वर्ष के बाद इस साल भारत यात्रा पर गया। मैं दिल्ली शहर में आये परिवर्तनों को देखकर दंग रह गया। चीजें काफी अलग थीं जिसमें हवाई अड्डे, नयी सड़कें, अधिक कारें और फ्लाईओवर शामिल थे। उन्होंने बताया कि वह आगरा और मुम्बई भी गए। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 18, 2013, 15:33