Last Updated: Monday, September 2, 2013, 18:12
दुबई : ओमान में एक भारतीय महिला द्वारा कथित रूप से भारतीय निवेशकों से एक करोड़ अमेरिकी डॉलर की राशि की धोखाधड़ी करने के बाद देश छोड़कर भागने का मामला सामने आया है। टाइम्स ऑफ ओमान की खबर के मुताबिक, पीड़ितों के अनुसार धोखा देने वाली महिला ने उन्हें मंत्रालय के जाली कागजात दिखाकर उन्हें प्रलोभन दिया था जिसमें उसने कई परियोजनाओं की प्रभारी होने का दावा किया था।
35 लाख रियाल गंवा चुके एक निवेशक ने कहा, उसने हमें अपने जाल में फंसाया। यहां तक कि उसने हमें जाली दस्तावेज दिखाकर ये दावा किया कि वह कई परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार है, जिसके लिए उसे धन चाहिए था। धन के एवज में उसने हमें ब्याज की पेशकश की थी। उस पर विश्वास कर हमने चेक लेने के बाद उसे धन दे दिया था।
उसने कहा, शुरू में उसने हमें ब्याज की राशि दी लेकिन कुछ महीने बीतने के बाद जब वह रकम नहीं चुका पा रही थी तब हमने इस बाबत खोजबीन की। खोजबीन में हमें उसके गायब होने का पता चला। पीड़ित ने कहा कि महिला मई में ही करीब 1.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर (40 लाख रियाल) लेकर ओमान से फरार हो चुकी थी। बताया जाता है कि वह भारत के मेंगलोर में अपनी जिंदगी ‘मजे में’ काट रही है। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 2, 2013, 18:12