Last Updated: Wednesday, October 10, 2012, 11:57
वाशिंगटन: कैलिफोर्निया से कांग्रेस के एक सीट के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी प्रत्याशी भारतीय अमेरिकी डॉक्टर एमी बेरा के चुनावी अभियान को उस वक्त बड़ा बल मिला जब करिशमाई पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने उनका समर्थन किया।
कैलिफोर्निया डेविस विश्वविद्यालय में आयोजित एक सार्वजनिक सभा के दौरान क्लिंटन ने बेरा और तीन अन्य प्रत्याशियों के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। इस सभा में हजारों की संख्या में लोग शामिल थे।
हाल ही में संपन्न हुए डेमोकेट्रिक राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में क्लिंटन ने छह नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर बराक ओबामा को नामित किया।
हजारों लोगों को संबोधित करते हुए क्लिंटन ने कहा ‘‘चार लोगों के साथ मैं मंच पर हूं, दो कांग्रेस के सदस्य हैं और अमेरिकियों के सपने को साकार करने के लिए दो वहां पहली बार जाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे साबित होता है कि यह उस प्रक्रिया से ज्यादा बेहतर है जो उपर से नीचे की ओर होने वाले विकास से होता है।’’ मंच से संबोधन के दौरान पूर्व राष्ट्रपति क्लिंटन के साथ बेरा भी मौजूद थे।
क्लिंटन ने कहा ‘आपके भविष्य के लिए हमारे साथ मंच पर मौजूद चार लोग प्रतिबद्ध हैं। आपके भवष्यि के लिए राष्ट्रपति प्रतिबद्ध हैं। वे जानते हैं कि 21 वीं सदी के लिए हम लोग एक नये अमेरिकी समृद्धि का निर्माण कर सकते हैं। लेकिन यह लंबा रास्ता है और हम लोगों को इसके लिए समझदारी से काम करना होगा। हम लोग यह साथ मिल कर करेंगे। यह सब आप लोगों से शुरू होगा।’ (एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 10, 2012, 11:57