ओबामा के लिए बटुआ खोलने में भारतीय अमेरिकी दिलदार

ओबामा के लिए बटुआ खोलने में भारतीय अमेरिकी दिलदार

वॉशिंगटन : अमेरिका में मूल निवासी समुदायों में प्रति व्यक्ति सर्वाधिक आय वाले भारतीय अमेरिकी समुदाय ने राष्ट्रपति बराक ओबामा के चुनाव प्रचार अभियान के लिए चंदा देने में अधिक उदारता जताई है। हालांकि उनका योगदान वर्ष 2008 की तुलना में इस बार कम है।

दूसरी ओर मिट रोमनी के अभियान संचालकों ने पिछले सप्ताह रिपब्लिकन नेशनल कन्वेन्शन में बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकियों को आमंत्रित कर समुदाय को लुभाने की कोशिश की थी लेकिन लगता है कि वह भारतीय अमेरिकियों से चंदा लेने के मामले में अधिक सफल नहीं हुए।

यह बात रोमनी को चंदा देने वालों की सूची से जाहिर होती है। लेकिन ओबामा खेमे की तुलना में रोमनी खेमा अपने दानदाताओं की सूची जाहिर करने में गोपनीयता बरत रहा है।

फ्लोरिडा के डॉ अक्षय ने रोमनी के अभियान के लिए दस लाख डॉलर से अधिक राशि जुटाई है। उन्हें रोमनी का ‘स्टार्स एंड स्ट्रिप्स’ कहा गया है जो कि अभियान के लिए चंदा जुटाने वाले शीर्ष लोगों का एक छोटा समूह है।

देसाई रोमनी के राष्ट्रीय वित्तीय दल में एकमात्र भारतीय अमेरिकी हैं। वर्ष 2008 में जब रोमनी ने राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ा था तब देसाई ने उनके लिए सर्वाधिक चंदा जुटाया था।

ओबामा खेमे की, चंदा जुटाने वाले शीर्ष नेताओं की सूची में करीब आधा दर्जन लोग ऐसे हैं जिन्होंने पांच लाख से दस लाख डॉलर तक की राशि जुटाई है।

इस सूची में राजीव फर्नान्दो (शिकागो), शेफाली राजदान दुग्गल (सैन फ्रांसिस्को), रेशमा सौजानी (न्यूयार्क), राज गोयल (न्यूयार्क), कामिल हसन (कैलिफोर्निया) और अजिता राजी (कैलिफोर्निया) के नाम हैं।

जानेमाने भारतीय अमेरिकी लेखक और चिकित्सक डॉ दीपक चोपड़ा ने ओबामा के प्रचार के लिए एक लाख डॉलर से दो लाख डॉलर की राशि जुटाई है। कैलिफोर्निया के लॉस एल्टॅस हिल्स में कविता तन्खा ने और न्यूजर्सी के जर्सी शहर में गिरीश रेड्डी ने भी लगभग इतनी ही राशि जुटाई। (एजेंसी)


First Published: Monday, September 3, 2012, 18:06

comments powered by Disqus