ओबामा ने म्यामां के लोगों से कहा, हम आपके साथ हैं

ओबामा ने म्यामां के लोगों से कहा, हम आपके साथ हैं

ओबामा ने म्यामां के लोगों से कहा, हम आपके साथ हैंयंगून : अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने ऐतिहासिक म्यामां दौरे पर यहां के लोगों से कहा है कि अमेरिका उनके साथ है, हालांकि उन्होंने यहां की सरकार को लोकतांत्रिक सुधारों को जारी रखने के प्रति आगाह भी किया।

ओबामा पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं जो म्यामां के दौरे पर अए हैं। उन्होंने कहा,‘आप लोगों ने हमें उम्मीद दी है।’ यंगून विश्वविद्यालय में संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोस्ती का हाथ बढ़ाने के साथ ही यहां की सेना समर्थित सरकार को लोकतांत्रिक सुधार जारी रखने को आग्रह भी किया।

ओबामा अपने चार दिवसीय दक्षिण-पूर्व एशिया दौरे के दूसरे पड़ाव पर म्यामां पहुंचे। इससे पहले वह थाईलैंड गए थे और कल कंबोडिया जाएंगे, जहां पूर्वी एशियाई देशों के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

वर्षों तक सैन्य शासन के अधीन रहे म्यामां में बदलाव का उल्लेख करते हुए ओबामा ने कहा,‘यह उल्लेखनीय यात्रा अभी शुरू हुई है।’ ओबामा के इस दौरे पर अमेरिकी नीति में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह देखने को मिला कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने आज बर्मा की बजाय म्यामां कहा। यहां का पूर्व सैन्य शासन और मौजूदा व्यवस्था म्यामां कहने पर जोर देती रही है।

म्यामां पहुंचे ओबामा का यहां जोरदार स्वागत हुआ। वह लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची से गले मिले और उन्हें अपना प्रेरणा स्रोत बताया। ओबामा के लिए यहां एक बैनर पर लिखा हुआ था, ‘आप विश्व के अद्वितीय नायक हैं।’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यहां लोकतांत्रिक सुधारों की शुरुआत को स्वीकार करते हुए कहा,‘अमेरिका आप लोगों के साथ है।’ उन्होंने यहां की सरकार को स्पष्ट रूप से आगाह करते हुए कहा,‘जो लोग सत्ता में हैं उन्हें दबाओं को स्वीकार करना होगा। जो प्रगति देखी गई है वह थमनी नहीं चाहिए।’

विश्वविद्यालय में उनके द्वारा दिया गया भाषण एक बड़ा संकेत है क्योंकि विश्वविद्यालय 1988 में लोकतंत्र समर्थक छात्रों का प्रदर्शन स्थल रहा है। यहां वह व्यापक जन प्रदर्शन भी हुआ जिसे सेना ने कुचल दिया था। (एजेंसी)

First Published: Monday, November 19, 2012, 17:18

comments powered by Disqus