कुछ यूरोपीय देशों को तेल निर्यात नहीं: ईरान - Zee News हिंदी

कुछ यूरोपीय देशों को तेल निर्यात नहीं: ईरान



तेहरान : ईरानी तेल मंत्री रुस्तम कासमी ने कहा है कि उनका देश यूरोपीय संघ (ईयू) के कुछ सदस्यों को जल्द ही तेल निर्यात बंद कर देगा। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कासमी ने संवाददाताओं से कहा कि तेल मंत्रालय की भावी योजना के मुताबिक हम यूरोपीय संघ द्वारा ईरान के खिलाफ लगाए गए तेल प्रतिबंध की प्रतिक्रियास्वरूप कुछ देशों को अपना तेल निर्यात बंद कर देंगे।

 

पिछले सोमवार को ईयू के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों ने ईरानी तेल और तेल उत्पादों पर प्रतिबंध का निर्णय लिया था, जिसके कारण निवेशक वश्विक आपूर्ति को लेकर चिंतित हो गए हैं, क्योंकि तेहरान ने प्रतिक्रियास्वरूप व्यापार के एक प्रमुख पोत परिवहन मार्ग, हार्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकी दी है। ग्रीस, इटली और स्पेन जैसे ईरानी तेल के प्रमुख यूरोपीय आयातकों को पहली जुलाई तक वैकल्पिक तेल आपूर्तिकर्ता तलाश लेना है, क्योंकि उसके बाद से ईरानी तेल आयात पर प्रतिबंध लागू हो जाएगा।

 

कासमी के हवाले से कहा गया है कि ईरानी तेल निर्यात का 20 प्रतिशत से कम हिस्सा ही यूरोप जाता है। और ईयू के प्रतिबंधों की यूरोपीय लोगों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। कासमी ने कहा है कि यूरोप को तेल बिक्री बंद होने के बाद भी ईरानी तेल निर्यात के लिए कोई समस्या नहीं पैदा होगी।

(एजेंसी)

First Published: Monday, January 30, 2012, 13:52

comments powered by Disqus