Last Updated: Monday, February 27, 2012, 06:51
वॉशिंगटन : अफगानिस्तान के रक्षा और गृह मंत्रियों ने इस सप्ताह के लिए निर्धारित अपना अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है ताकि वह बगराम स्थित एक अमेरिकी सैन्य शिविर में कुरान की प्रति जलाए जाने की घटना के बाद देश में फैले तनाव के नियंत्रण पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
पेंटागन ने कहा है कि देश में हुए हालिया घटनाक्रम के संदर्भ में, खास कर बीते सप्ताह दो अमेरिकी अधिकारियों के मारे जाने के बाद वरिष्ठ अफगान अधिकारियों ने अपना दौरा रद्द कर दिया है।
पेंटागन के प्रेस सचिव जॉर्ज लिटल ने कहा ‘ अफगानिस्तान के गृह मंत्री और रक्षा मंत्री सहित वहां के वरिष्ठ अधिकारी अपनी सरकार और अपने देश के मजहबी नेताओं के साथ हिंसा शांत करने तथा आईएसएएफ अधिकारियों की सुरक्षा पर विचार कर रहे हैं। ’ बगराम में अमेरिकी सेना के एक हवाई शिविर पर नाटो के सैनिकों द्वारा पवित्र कुरान की प्रति जलाए जाने की घटना का अफगानिस्तान में व्यापक विरोध किया गया और हिंसा भी फैली जिसमें 30 से अधिक लोग मारे गए।
गृह मंत्रालय में पदस्थ दो अमेरिकी सलाहकारों को शनिवार को गोली मार दी गई जिसके बाद नाटो ने अपने सभी कर्मचारियों को अफगान सरकार से वापस बुला लिया है। हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है। विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से पुलिस की गोलीबारी में कई अफगान प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।
लिटल ने कहा 'रक्षा मंत्री समझते हैं कि उनकी प्राथमिकता क्या है और अफगान मंत्रियों ने वाशिंगटन आने में असमर्थता क्यों जताई है। वह अब निकट भविष्य में अफगान मंत्रियों का पेंटागन में स्वागत करने के लिए तैयार हैं।'अफगानिस्तान के दोनों मंत्रियों को रक्षा मंत्री लियोन पेनेटा से एक मार्च को मुलाकात करना था। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 27, 2012, 12:21