Last Updated: Saturday, June 15, 2013, 18:00

इस्लामाबाद : दक्षिणपश्चिमी पाकिस्तान के शहर क्वेटा में महिला विश्वविद्यालय की एक बस में हुए शक्तिशाली विस्फोट में 11 छात्राओं की मौत हो गई जबकि 22 अन्य घायल हैं।
यह हादसा ब्रेवरी रोड पर सरदार बहादुर खान महिला विश्वविद्यालय के परिसर में हुआ।
बम बस के अंदर रखा गया था और विस्फोट के समय इसमें छात्राएं और संकाय सदस्य सवार थीं। ये सब कक्षाएं पूरी होने के बाद बस में घर जाने का इंतजार कर रही थीं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मरने वाली सभी 11 छात्राएं विश्वविद्यालय की थीं।
इस हादसे में 22 अन्य घायल हैं जिसमें ज्यादातर छात्राएं हैं। उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने इनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई है।
कई लड़कियों को गंभीर चोटें आई हैं और विस्फोट के बाद बस में आग लग गई थी।
टेलीविजन पर फुटेज में बस में आग लगने और धुआं निकलते दिखाया गया। धमाके में बस की छत उड़ गई। (एजेंसी)
First Published: Saturday, June 15, 2013, 17:11