Last Updated: Tuesday, April 23, 2013, 09:44

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का कहना है कि अमेरिका आज दुनिया की बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है क्योंकि खोज, विज्ञान और अभियांत्रिकी इसके लोगों के जीन में है।
ओबामा ने व्हाइट हाउस साइंस फेयर 2013 में कहा, ‘अमेरिका हमेशा खोज, आविष्कार, अभियांत्रिकी, विज्ञान और साक्ष्यों से जुड़ा रहा है। हम यही तो हैं। यह हमारे जीन में हैं। इसी की वजह से हमारा देश दुनिया के इतिहास में सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बना।’
व्हाइट हाउस की इस तीसरी सालाना विज्ञान प्रदर्शनी में देश भर के छात्रों के समूहों ने अपने नवोन्मेषी विचारों का प्रदर्शन किया।
इन छात्रों को संबोधित करते हुए ओबामा ने कहा, ‘अपनी वैज्ञानिक, चिकित्सीय और तकनीकी खोजों के साथ ही हम आज दुनिया भर के लोगों के लिए योगदान करने में समर्थ हैं।’ ओबामा ने छात्रों से कहा, ‘अगर आप जैसे असाधारण युवा अपने कौशल का इस्तेमाल हमारे परिवार, समुदाय और देश के भविष्य के निर्माण में कर सकते हैं तो हमारी भी यह जिम्मेदारी है कि आपके पास इसे करने के लिए जरूरी संसाधन हो।’ (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 23, 2013, 09:44