Last Updated: Friday, November 16, 2012, 10:28

गाजा सिटी: गाजा पर पिछले 24 घंटे में हुए इजरायली हवाई हमलों में 19 लोग मारे जा चुके हैं। फलस्तीनी लड़ाकों ने भी इजरायल पर 380 रॉकेट दागे जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।
लगातार हो रहे इजराइली हमलों में 160 से ज्यादा गाजावासी घायल हुए हैं। हमले कल शाम तक जारी थे। हमलों के अलावा उत्तरी गाजा सिटी और उत्तरी पट्टी के बीत हनून में आधी रात के बाद छापेमारी भी की गई।
आपात सेवा के प्रवक्ता अधम अबू सालमिया ने कहा कि बीत हनून पर हुए हवाई हमलों में तीन नागरिकों की मृत्यु हुई है जबकि 12 अन्य घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक घर पर हुए हमले में दो भाईयों की मृत्यु हो गई। गाजा सिटी के जैतून में इजराइली हमले में एक दस माह की लड़की घायल हो गई थी जिसे कल सुबह मृत घोषित कर दिया गया।
बीत लाहिया में हमले में 60 वर्षीय एक व्यक्ति की मृत्यु की सूचना है जबकि खान यूनिस में एक बच्चे की मृत्यु हुई।
पुलिस और चिकित्साकर्मियों ने बताया कि बुधवार दोपहर को हमास सैन्य प्रमुख अहमद जब्बारी को लक्ष्य कर किए हमले के बाद गाजा के रॉकेट हमलों में तीन इजराइलियों की मृत्यु हो गई जबकि 19 अन्य घायल हो गए। इनमें तीन सैनिक थे। हमले में हमास सैन्य प्रमुख की मृत्यु हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि किरयात मलाची शहर पर कल हुए रॉकेट हमले में एक घर तबाह हो गया तथा दो व्यक्तियों और एक महिला की मौत हो गई। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 16, 2012, 09:13