चीन में बंधक दो भारतीय व्यापारी रिहा - Zee News हिंदी

चीन में बंधक दो भारतीय व्यापारी रिहा

बीजिंग : चीन के व्यावसायिक शहर यिवु में 20 दिनों से ज्यादा समय तक बंधक बनाए गए दो भारतीय नागरिकों को स्थानीय व्यापारियों ने रिहा कर दिया और भारतीय अधिकारी उन्हें शंघाई के एक होटल में ले गए।

 

श्यामसुंदर अग्रवाल के साथ बंधक बनाए गए दीपक रहेजा ने बताया, ‘हम सुरक्षित शंघाई पहुंच गए हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हमें एक होटल में रखा गया है।’ उन्होंने कहा कि जब उन्हें बाहर लाया जा रहा था तो स्थानीय व्यापारियों ने कोई प्रतिरोध नहीं किया। पिछले दो दिनों से यिवु में उनके होटल को स्थानीय व्यापारियों ने घेर रखा था। दोनों को भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने चीन की पुलिस के सहयोग से बाहर निकाला।

 

एक शीर्ष भारतीय अधिकारी ने चीन के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को इस बात का श्रेय दिया कि उन्होंने स्थानीय यिवु प्रशासन पर दबाव बनाकर दोनों को सुरक्षित रिहा करवाने में मदद की। हालांकि उन्हें अपनी कंपनी की तरफ से चीनी व्यापारियों को भुगतान के सिलसिले में अदालती मामले का सामना करना था। बहरहाल, दोनों तुरंत चीन से बाहर नहीं निकल पाएंगे क्योंकि यिवु की अदालत ने इस मामले में उनके यात्रा दस्तावेज को जब्त कर रखा है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 5, 2012, 10:14

comments powered by Disqus