Last Updated: Monday, April 22, 2013, 21:19

बीजिंग : चीन के इनर मंगोलिया प्रांत में आज 5.3 तीव्रता के भूकंप झटका महसूस किया गया, जबकि सिचुआन प्रांत में शनिवार को आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 192 हो गई और 23 लोग अभी लापता हैं।
इस बीच प्रशासन ने भूकंप प्रभावित इलाकों में जरूरी वस्तुएं विमान से गिराना शुरू कर दिया है।
इनर मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र के तोंगलियाओ सिटी और लियाओनिंग प्रांत के फुक्सिन सिटी में आज भूकंप का झटका महसूस किया गया। इसके बाद लोगों में अफरा-तफरी सी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल गए।
चीन के भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि आज के भूकंप का केंद्र जमीन से 6 किलोमीटर तक गहराई में था और इसकी तीव्रता 5.3 मापी गई। इसमें किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
उधर, सिचुआन प्रांत में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 192 हो गई है। 12,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। एक हजार से अधिक लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।
पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की वायुसेना ने भूकंप प्रभावित इलाकों में विमानों और हेलीकॉप्टरों के जरिए राहत सामाग्री गिरानी शुरू कर दी है। बीते शनिवार को सिचुआन प्रांत की लुशान काउंटी में भूकंप आया था। यह पर्वतीय इलाका है। भूकंप के बाद रास्ते बंद हो गए, जिससे प्रभावित इलाकों में राहत सामाग्री पहुंचाने में दिक्कत आ रही थी।
भूकंप का झटका लुशान से करीब 200 किलोमीटर दूर वेनचुआन में था। इसी जगह एक साल पहले भी भूकंप आया था जिसमें हजारों लोग मारे गए थे। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 22, 2013, 21:19