चीन-रूस का नौसैनिक युद्धाभ्यास शुरू - Zee News हिंदी

चीन-रूस का नौसैनिक युद्धाभ्यास शुरू

बीजिंग : अपने एशियाई पड़ोसी देशों के साथ समुद्री विवादों पर तनाव के बीच चीन ने जापानी जल सीमा के समीप रूस के साथ अपना पहला साप्ताहिक नौसैनिक युद्धाभ्यास शुरू किया।

 

सरकारी मीडिया के अनुसार चीन ने पीत सागर में अपने पूर्वी तट पर युद्धा5यास में हिस्सा लेने के लिए 16 जंगी जहाज और दो पनडुब्बियां तैनात की है। उसके जहाजों में पांच मिसाइल विध्वंसक, पांच मिसाइल जहाज, चार मिसाइल नौका, एक सहायता जहाज और एक अस्पताल जहाज शामिल हैं।

 

सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ के अनुसार 4000 से अधिक नौसैनिक इस अभ्यास में भाग लेंगे। रूसी जहाजों में उसके प्रशांत बेडे के वरयाग, स्लावा श्रेणी का निर्देशित मिसाइल क्रूज और तीन उडयलॉय श्रेणी के विध्वसंक हैं। चाइना डेली के अनुसार इस को लेकर जापान और दक्षिण कोरियाई मीडिया में अटकलबाजी शुरू हो गयी है।

 

जापानी मीडिया ने अटकल लगायी है कि इस कदम का लक्ष्य जापान को चेतावनी देना है जिसका चीन और रूस के साथ समुद्री विवाद है। दक्षिण कोरिया की संवाद समिति योन्हप ने कहा है कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच युद्धाभ्यास के समय ही यह अभ्यास किया जाना सैन्य क्षमता का प्रदर्शन है जिसका उद्देश्य इस क्षेत्र में अमेरिका को संतुलिन करना हो सकता है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 22, 2012, 13:15

comments powered by Disqus