चीनी पनडुब्बी ने बनाया गोताखोरी का रिकार्ड

चीनी पनडुब्बी ने बनाया गोताखोरी का रिकार्ड

बीजिंग : चीन की मानवयुक्त एक पनडुब्बी ने प्रशांत महासागर के मरियाना गर्त में सफलतापूर्वक 7,000 मीटर की गहराई छूकर नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया। सरकारी संवाद समिति ‘शिन्हुआ’ के अनुसार ‘जियाओलोंग’ यान ने पश्चिमी प्रशांत महासागर के मेरियाना गर्त में अपना चौथे गोता लगाते हुए 7,015 मीटर की गहराई छू ली। इस इलाके में आने के बाद से इस पनडुब्बी ने चौथी बार गोता लगाया।

मेरियाना गर्त दुनिया की सबसे गहरी जगह है। ‘जियाओलोंग’ नाम एक पौराणिक समुद्री ड्रैगन के ऊपर रखा गया है। इस पनडुब्बी में तीन लोग सवार थे। इनमें ये कोंग, लियू काईझो और यांग बो शामिल हैं। नीले सागर के तल से इन तीनों यात्रियों ने उन तीन चीनी अंतरिक्षयात्रियों को शुभकामनाएं दीं जो शेनझोउ-9 अंतरिक्ष यान को तियानगोंग-1 लैब माड्यूल से जोड़ने वाले हैं।

ये, लियू और यांग ने कहा, ‘‘हम अंतरिक्षयात्रियों की सफलता की कामना करते हैं। हम चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियान और इस समुद्री गोताखोरी अभियान की शानदार उपलब्धि की कामना करते हैं। जहाज पर सवार अभियान के चीफ कमांडर लियू फेंग ने कहा, ‘इससे पता लगता है कि पनडुब्बी का प्रदर्शन स्थिर है। हमारे तकनीकीकर्मियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।’ (एजेंसी)

First Published: Sunday, June 24, 2012, 12:31

comments powered by Disqus