Last Updated: Saturday, September 7, 2013, 13:02
ज़ी मीडिया ब्यूरोइस्लामाबाद: मुंबई आतंकी (26/11) हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने एक बार फिर भारत के खिलाफ आग उगला है। हाफिज सईद ने कहा कि जब तक कश्मीर को आजादी नहीं मिलेगी तब तक भारत के खिलाफ आतंक भी खत्म नहीं होगा। हाफिज ने शुक्रवार को पाकिस्तान में भारत विरोधी रैली निकाली। रैली लाहौर से इस्लामाबाद तक गई थी जिसमें करीब 10 हजार लोग शामिल हुए। रैली के इस्लामाबाद पहुंचने के बाद हाफिज सईद ने मौजूद भीड़ को संबोधित किया।
हाफिज ने रैली में मौजूद भीड़ से कहा कि अमरीका और भारत हमसे नाराज है तो इसका मतलब है कि खुदा हमसे खुश है। इसके बाद भीड़ ने जिहाद-जिहाद चिल्लाना शुरू कर दिया। एक पूर्व प्रोफेसर ने कहा कि वो लोग कश्मीर के लिए कुछ भी कुर्बान करने के लिए तैयार हैं। सरबजीत जिसकी मौत पाकिस्तान एक जेल में हो गई थी को सईद ने आतंकी बताया और कहा कि भारत सरकार एक आतंकी का कैसे आदर कर सकती है। इसका मतलब भारत सरकार और सेना आतंकी है। कश्मीर मुद्दें पर सईद ने कहा कि भारत यह कहना छोड़ दे कि कश्मीर उसका अभिन्न हिस्सा है वरना हमारे लिए भारत के हर एक हिस्से को अलग करना कोई मुश्किल नहीं है। इसके साथ ही कुछ लोग काला और सफेद रंग का झंडा फहराते हुए गाने गा रहे थे जिसके बोल थे कि पूरे भारत को मुंबई में बदल दो।
हाफिज ने रैली में भारत की और नीतियों का भी विरोध किया। भारत के साथ ही रैली में पश्चिमी देशों की नीतिओं का भी विरोध किया और उन्होंने अफगानिस्तान में पश्चिमी सेना के साथ लड़ रहे तालिबानियों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में खटास की एक वजह हाफिज सईद भी है। क्योंकि भारत ने मुंबई हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद को सौंपने के लिए पाकिस्तान से कहा था। लेकिन पूरे सबूत दिए जाने के बाद भी पाक ने भारत को सईद नहीं सौंपा। सईद लश्कर ए तैयबा का संस्थापक है जिसे पाकिस्तान में प्रतिबंधित किया गया है। लश्कर ए तैयबा सईद ने जमात उल दावा नाम से एक पार्टी का गठन किया जो कि लश्कर ए तैयबा जैसा ही काम करती है। सईद की रिश्ते पाक सरकार और सेना के नजदीक रहे हैं और इतना ही नहीं हाफिज सईद पाक सरकार को फंड भी देता रहा है। भारत के लिए वांटेड सईद पर अमरिका ने भी 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है।
First Published: Saturday, September 7, 2013, 13:02