जल्दी ही पूरे देश की सुरक्षा संभाल लेंगे अफगान बल

जल्दी ही पूरे देश की सुरक्षा संभाल लेंगे अफगान बल

काबुल : अफगान सुरक्षाबल जल्दी ही पूरे देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल लेंगे हालांकि नाटो गठबंधन के सैनिक साजोसामान के साथ उनकी मदद के लिए मौजूद रहेंगे। अफगानिस्तान के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नाटो बलों की अगुवाई में 12 वर्षों के संघर्ष के बाद अफगान सुरक्षा बलों के लिए यह ऐतिहासिक कदम होगा।

नाटो शेष 95 जिलों की जिम्मेदारी जल्दी ही अफगान बलों को सौंप देगा। इन जिलों में से कई पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों के बेहद संवेदनशील क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों में तालिबान 2001 से अमेरिका समर्थित सरकार के खिलाफ हिंसक गतिविधियों में लिप्त रहा है।

नाटो और अफगान अधिकारियों ने नाम बताने से इनकार कर दिया और कहा कि इस संबंध में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति हामिद करजई शामिल होंगे।

हस्तांतरण के लिए निर्धारित तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है। लेकिन इसके साथ ही 2011 में शुरू कार्यक्रम पूरा हो जाएगा जब अपेक्षाकृत शांत समझे जाने वाले इलाके अफगान सुरक्षा बलों के नियंत्रण में सौंप दिए गए थे।

आखिरी दौर में जो जिले अफगान बलों को सौंपे जाएंगे उनमें 13 कंधार प्रांत में हैं जबकि 12-12 जिले चार अन्य प्रांतों से हैं। ये सभी जिले आतंकवादी गतिविधियों के केंद्र रहे हैं। कंधार में ही तालिबान की शुरूआत हुयी थी। इस हस्तांतरण के बाद नाटो के करीब एक लाख सैनिक प्रशिक्षण एवं अन्य भूमिकाओं में रहेंगे वहीं अफगान सैनिक एवं पुलिसबल आतंकवादियों के खिलाफ सीधा मोर्चा संभालेंगे।

तालिबान से मुकाबले के लिए अफगान के साढ़े तीन लाख जवानों वाले सुरक्षाबलों की क्षमता को लेकर आशंकाएं जतायी जा रही हैं। जरूरत पड़ने पर नाटो गठबंधन के सैनिक साजोसामान और हवाई मदद के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।

कई स्थानों पर मोर्चा संभालने के बाद अफगान सुरक्षाकर्मियों के हताहत होने की संख्या में भारी वृद्धि हुयी है वहीं सैन्य बल छोड़ कर जाने वालों की भी अच्छी तादाद है। इससे हर महीने सुरक्षा बलों को हजारों नयी भर्तियां करनी होंगी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 15, 2013, 18:00

comments powered by Disqus