Last Updated: Tuesday, January 24, 2012, 07:11

मास्को : रूसी प्रधानमंत्री व्लादमीर पुतिन ने असभ्य घरेलू प्रवासियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का आह्वान करते हुए चेतावनी दी है कि बढ़ रहे राष्ट्रवाद से देश के समक्ष खतरा पैदा हो गया है। समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार, पुतिन ने अपनी सरकारी वेबसाइट पर एक लेख में लिखा है, एकल जातीय, राष्ट्रीय रूसी राज्य के गठन का विचार हमारे सदियों पुराने इतिहास के विरुद्ध है।
पुतिन ने लिखा है कि यह रूसी जनता और रूस की सम्प्रभुता, दोनों के विनाश का सबसे सीधा रास्ता है। पुतिन ने राष्ट्रीय विकास और अंतरजातीय समझौते पर एक नई राजकीय एजेंसी के गठन का प्रस्ताव किया है।
सोवियत संघ के टूटने के बाद से रूस में अति राष्ट्रवादी भावनाओं में आश्चर्यजनक रूप से वृद्धि हुई है। पुतिन की सत्ताधारी युनाइटेड रशिया पार्टी के पक्ष में मतदान में हुई कथित धोखाधड़ी के खिलाफ हाल में हुए जनांदोलनों में अति दक्षिणपंथी आंदोलन हावी रहे। उपद्रवग्रस्त मुस्लिम बाहुल्य उत्तरी काकेसस क्षेत्र के एक युवक द्वारा स्पार्टक बाहुल्य मास्को के एक फुटबाल प्रेमी की हत्या किए जाने के बाद दिसंबर 2010 में रेड स्क्वे यर के पास लगभग 5,000 राष्ट्रवादियों ने इकट्ठा होकर बवाल मचाया था।
पुतिन ने आक्रामक, भड़काऊ और असभ्य उन घरेलू प्रवासियों पर कार्रवाई का वादा किया है, जो रूसी जनता की रीतियों-परम्पराओं का सम्मान नहीं करेंगे। पुतिन ने कहा है कि इस आचरण के खिलाफ कानूनी, मगर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 24, 2012, 14:42