जापान ने द्वीप समूह को लेकर चीन को चेताया

जापान ने द्वीप समूह को लेकर चीन को चेताया

संयुक्त राष्ट्र : जापान के प्रधानमंत्री योशिहिको नोदा ने जोर देकर कहा है कि विवादित द्वीप श्रृंखला के स्वामित्व को लेकर चीन के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने जापानी हितों पर हमले की निंदा भी की। कल न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में संवाददाताओं से नोदा ने कहा कि चीन ने मुद्दों को सही ढंग से समझा नहीं। उन्होंने मांग की कि चीन में जापानी नागरिकों और व्यवसायिक हितों पर राष्ट्रवादी प्रदर्शनकारियों के हमले रोके जाएं।

नोदा ने कहा कि जहां तक सेनकाकू द्वीप समूह का संबंध है, तो वे ऐतिहासिक रूप से और अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक हमारे भूभाग का अभिन्न हिस्सा हैं। जापान के प्रधानमंत्री का इशारा पूर्वी चीन सागर में स्थित द्वीप समूह की ओर था जिसे चीन दिआओयू कहता है और उस पर अपना दावा करता है।

नोदा ने संवाददाताओं से कहा कि यह बहुत स्पष्ट है और भूभाग से जुड़ा इस तरह का कोई मुद्दा नहीं है। इसलिये इस मूलभूत स्थित से पीछे हटने वाला कोई समझौता हो ही नहीं सकता। मैंने इस बात को पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है। इस बीच चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि चीनी विदेशी मंत्री यांग जियेची ने अपने जापानी समकक्ष कोईचिरो गेंबा से मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र में कहा है कि जापान उसकी संप्रभुता का ‘गंभीर रूप से उल्लंघन करने का दोषी है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, September 27, 2012, 09:07

comments powered by Disqus