Last Updated: Friday, December 14, 2012, 19:48

बीजिंग : विवादित द्वीपों के वायु क्षेत्र में जापानी लड़ाकू विमानों का चीन के गश्त विमान से सामना होने के एक दिन बाद चीन ने शुक्रवार को कहा कि वह द्वीपों के नियंत्रण के लिए जापान से डटकर मुकाबला करेगा।
चीन ने साथ ही टोक्यो पर द्वीप खरीदकर द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हांग लेइ ने संवाददाताओं से कहा कि हम जापान द्वारा दियाओसु द्वीपों की अवैध खरीद का विरोध करते हैं।
वह विदेश मंत्री यांग जिएची की टिप्पणियों से संबंधित एक सवाल का जवाब दे रहे थे। विदेश मंत्री ने कहा कि चीन द्वीपों को लेकर जापान का डटकर मुकाबला करेगा।
हांग ने कहा,‘जापानी पक्ष की कार्रवाई ने युद्ध के बाद के अंतरराष्ट्रीय आदेश का उल्लंघन किया है।’ जापान के लडाकू विमानों द्वारा कल चीन के एक गश्त विमान को घेरकर उसे वापस भेजने के बारे में हांग ने कहा कि निर्जन द्वीप, इससे जुड़े द्वीप, वायु क्षेत्र और जल क्षेत्र चीन की संप्रभुता का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि इस साल सितंबर से जापान ने चीन के दियाओयु द्वीपों के जल क्षेत्र में बार बार पोत और विमान भेजे हैं। हम इसका कड़ा विरोध करते हैं। जापान ने इस मामले में चीन के साथ राजनयिक विरोध जताया है। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 14, 2012, 19:48