Last Updated: Thursday, June 6, 2013, 00:05
ज़ी मीडिया ब्यूरोलॉस एंजलिस: मरहूम पॉप स्टार माइकल जैक्सन की बेटी पेरिस जैक्सन ने बुधवार को खुदकुशी की कोशिश की। पेरिस की उम्र 15 साल है। उसे लास एंजलिस के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेलिब्रिटी वेबसाइट टीएमजेड डॉट कॉम के मुताबिक पेरिस ने हाथ की नसें काट ली और हालात इस कदर बिगड़े की अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
जैक्सन परिवार के करीबी सूत्र ने सीएनएन को बताया, ‘वह ठीक हो रही है।’ पेरिस ने ट्विटर पर अपने लाखों फॉलोवरों को दिए अपने संदेश में लिखा था, ‘मुझे इस बात को लेकर हैरत है कि आंसू नमकीन क्यों होते हैं?’
सूत्रों के मुताबिक पेरिस अस्पताल में भर्ती है। खुदकुशी की कोशिश की वजह का पता नहीं चल पाया है। पेरिस पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। लेकिन इस बार की कोशिश काफी गंभीर है। माइकल जैक्सन की तीन संतान हैं। पेरिस दूसरे नंबर की संतान हैं। वर्ष 2009 में माइकल जैक्सन की मौत हो गई थी।
जैक्सन ने 1996 से 1999 के बीच डेबी रोवे से शादी की थी। डेबी से दो संतान हुई। 1997 में प्रिंस मिशेल का जन्म हुआ। पेरिस जैक्सन का जन्म वर्ष 1998 में हुआ। जैक्सन से तलाक लेने के बाद रोवे को बच्चों की कस्टडी मिली थी।
First Published: Wednesday, June 5, 2013, 23:59