Last Updated: Tuesday, August 14, 2012, 09:48

ह्यूस्टन : टेक्सास स्थित एक विश्वविद्यालय के पास एक व्यक्ति ने एक कांस्टेबल सहित दो लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी और तीन अन्य को घायल कर दिया। इस घटना में हमलावर भी मारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि कल टेक्सास के एएंडएम विश्वविद्यालय के पास गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में गोलीबारी करने वाले व्यक्ति के अलावा एक कांस्टेबल और एक अज्ञात नागरिक शामिल है।
सहायक पुलिस प्रमुख स्कॉट मैक्कोलम ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि टेक्सास एएंडएम विश्वविद्यालनय के पास स्थित एक रिहायशी इलाके में तीन लोगों की गोलीबारी में मौत हो गई।
मैक्कॉलम ने घटनास्थल के हालात के बारे में कहा, स्थिति खराब थी। हमने लोगों से शांति की अपील की। इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें दो विधि प्रवर्तन अधिकारी और एक महिला नागरिक शामिल है।
इससे पहले मैक्कॉलम ने कहा था कि घटना में बहुत सारे लोगों को गोली लगी है। यह घटना कल दोपहर की है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर संदिग्ध बंदूकधारी को गोली मार दी और हिरासत में ले लिया।
जैसन जेम्स नाम के एक पुलिस अधिकारी ने दोपहर में बताया कि पुलिस घटना में और लोग शामिल हंै या नहीं , इसकी छानबीन कर रही है। हालांकि इलाका अब सुरक्षित है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 14, 2012, 09:48