Last Updated: Sunday, December 11, 2011, 06:58
डरबन: जलवायु परिवर्तन के सम्बंध में दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर में जारी संयुक्त राष्ट्र वार्ता उपायों के एक पैकेज पर सहमति के साथ समाप्त हो गयी। वार्ता के अध्यक्ष ने इस सहमति को संतुलित करार दिया है। बीबीसी के अनुसार, यूरोपीय संघ कानूनी रूप से बाध्यकारी क्योटो संधि के तहत उत्सर्जन कटौती के अपने मौजूदा संकल्पों को शामिल करेगा। विकासशील देशों की यह एक प्रमुख मांग रही है।
सभी देशों को दायरे में लेने वाले नए कानूनी समझौते पर वार्ता अगले वर्ष शुरू होगी और 2015 तक समाप्त हो जाएगी और यह 2020 तक प्रभावी होगी।
गरीब देशों के लिए जलवायु सहायता कोष के प्रबंधन पर भी सहमति बन गई है, लेकिन धन कहां से आएगा और कैसे जुटाया जाएगा, इस बारे में कोई स्थिति साफ नहीं हो पाई है।
वार्ता निधारित समय सीमा से लगभग 36 घंटे अधिक समय तक चली। कई प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि मेजबान सरकार के पास गम्भीरता और रणनीति का अभाव है।
(एजेंसी )
First Published: Sunday, December 11, 2011, 22:04