तालिबान ने महिला को 9 गोलियों से भूना

तालिबान ने महिला को 9 गोलियों से भूना

तालिबान ने महिला को 9 गोलियों से भूनावाशिंगटन: अफगानिस्तान में तालिबान का आतंक फिर से छाने लगा है। आतंकवादियों ने यहां सरेआम एक बुर्कानशीं महिला मौत की सजा देते हुए गोलियों से भून डाला है।

इस घटना से नाराज अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई ने इस बर्बर घटना को अंजाम देने वाले तालिबान आतंकवादियों को फौरन गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। इस महिला पर बदचलन होने का आरोप था और संभवत: यह तालिबान प्रेम त्रिकोण का मामला है।

अफगान राष्ट्रपति के कार्यालय से जारी बयान में करजई ने इस घटना में शामिल लोगों को कायर बताते हुए कहा कि इस तरह के अपराध न तो इस्लाम में और न ही देश के हमारे कानून के तहत माफी लायक हैं। एक वीडियो में दिखाया गया है कि यह महिला जमीन पर बैठी हुई है जबकि उससे कुछ दूर खड़े एक व्यक्ति ने उस पर एके 47 से नौ गोलियां चलाई।

न्यूयार्क टाइम्स के मुताबिक इस वीडियो ने अफगानिस्तान में तालिबान के पांच साल के उस शासन की याद दिला दी, जब लोगों की सजा रेडियो पर सुनाई जाती थी और अपराध के आरोपियों को लोगों की भीड़ के बीच गोली मार कर सजा दी जाती थी।

प्रांत के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर्नल मस्जिदी ने बताया कि यह घटना मध्य अफगानिस्तान के परवान प्रांत के शिनवारी जिले में हुई। ऐसा लगता है कि यह घटना 23 जून के आसपास की है।

अफगान अधिकारियों का मानना है कि तालिबान के दो कमांडरों के बीच इस महिला को लेकर विवाद था, जिसके चलते उसे यह सजा दी गई। परवान प्रांत के गवर्नर अब्दुल बशीर सालंगी ने बताया कि इन दोनों कमांडरों के संभवत: इस महिला के साथ किसी तरह के संबंध थे।

सालंगी ने बताया, ‘उन्होंने इस महिला पर बदचलन होने का आरोप लगाया। उन्होंने एक अदालत लगाई और एक घंटे के अंदर उसे मौत की सजा दे दी।’

हालांकि, इस हत्या की अलग-अलग वजह बताई जा रही है। कर्नल मस्जिदी ने बताया कि महिला का पति एक ग्रामीण मिलीशिया का सदस्य था जिसने एक स्थानीय तालिबान नेता की हत्या कर दी थी। महिला पर बदचलन होने का आरोप लगा कर उस घटना का बदला लिया गया है।

प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता रोशना खालिद ने बताया कि महिला को यह सजा कुछ तालिबान लड़ाकों के साथ प्रेम संबंध रखने को लेकर दी गई।

न्यूयार्क टाइम्स की खबर के मुताबिक खालिद ने बताया कि महिला का नाम नजीबा है और उसकी उम्र 20 साल के आसपास है। उसकी एक भी संतान नहीं है। एक तीसरे अधिकारी और प्रांतीय परिषद के सदस्य कैरी अब्दुल रहमान अहमदी ने बताया कि यह महिला एक तालिबान कमांडर के साथ भाग गई थी।

अहमदी ने बताया कि नजीबा को सजा दिये जाने से पहले इस कमांडर को पास के एक गांव में मार डाला गया। उधर, काबुल स्थित अमेरिकी दूतावास और नाटो नीत गठबंधन ने इस घटना की निंदा की है। ब्रिटेन ने भी इस घटना की निंदा की है। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 9, 2012, 21:16

comments powered by Disqus