Last Updated: Thursday, December 29, 2011, 06:54
वॉशिंगटन : तेल आपूर्ति बाधित करने के मुद्दे पर अमेरिका ने ईरान को चेताया है कि अमेरिकी नौसेना इसका मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है। अमेरिका ने कहा कि ईरान की ऐसी धमकियों से वह डरने वाला नहीं है। बहरीन स्थित अमेरिकी नौसेना के पांचवे बेड़े के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट रेबेका रेबारिक ने कहा कि अमेरिकी नौसेना तेल की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए किसी भी कार्रवाई के लिए हमेशा तैयार रहती है।
मालूम हो कि खाड़ी देशों से दुनिया भर में तेल की आपूर्ति के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज यानी हॉर्मुज जलडमरूमध्य को ईरान ने बंद करने की धमकी दी है। ईरान के मुताबिक अगर उसके परमाणु कार्यक्रम पर अंकुश लगाने के इरादे से उसके तेल निर्यात करने पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने रोक लगाई तो वो स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज बंद कर देगा। ईरान की तरफ से ये चेतावनी देश के उप राष्ट्रपति मोहम्मद रजा रहीमी ने दी।
ईरान दुनिया का चौथा सबसे बड़ा तेल निर्यातक देश है। तेल की बिक्री से ईरानी सरकार को पैसा, रणनीतिक ताकत मिलती है और साथ ही अपने परमाणु कार्यक्रम को जारी रखने के लिए जरूरी मदद भी मिलती है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी ईरान की इस रणनीति के बारे में जानकारी है। इसी के चलते यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों ने ईरान के तेल निर्यात करने पर प्रतिबंध लगाने की संभावना जाहिर की थी।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, December 29, 2011, 22:45