Last Updated: Wednesday, April 25, 2012, 04:16
संयुक्त राष्ट्र : दक्षिण सूडान पर सूडान के हवाई हमलों में कम से कम 16 नागरिक मारे गए और 34 जख्मी हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने सुरक्षा परिषद को इसकी जानकारी दी है जिसने इन हमलों की निन्दा की है।
पंद्रह सदस्यीय परिषद दोनों प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रों के बीच युद्धविराम की कोशिश में है। दक्षिण सूडान के यूनिटी राज्य में हमले के बाद दक्षिण सूडान ने विवादित तेल संपदा वाले शहर हेगलीग से सेना को हटा लिया है।
अमेरिकी दूत सुसन राइस ने संवाददाताओं को बताया कि दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (यूएनएमआईएसएस) ने यूनिटी में हवाई हमले में कम से 16 नागरिकों के मारे जाने और 34 के घायल होने की पुष्टि की है और इससे आधारभूत ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।
अप्रैल महीने के लिए परिषद अध्यक्ष का पदभार संभाल रही राइस ने कहा कि सदस्यों ने यूनिटी राज्य में सूडानी ‘घुसपैठ’ की भी बात कही है।
राइस ने कहा कि परिषद ने दक्षिण सूडानी सैन्य बलों के हेगलीग से हटने का ‘स्वागत’ किया है और सूडानी सैन्य बलों द्वारा किए जा रहे हवाई हमलों पर तुरंत रोक की मांग की है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 25, 2012, 09:46