दक्षिण सूडान में 400 सैनिकों की मौत - Zee News हिंदी

दक्षिण सूडान में 400 सैनिकों की मौत

 

खारतूम : सूडान के सबसे महत्वपूर्ण तेल संपदा वाले हेगलीग के लिए संघर्ष में सूडानी सैन्य बलों ने दक्षिण सूडान के करीब 400 सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है।

 

सुरक्षा तंत्र के काफी नजदीक स्थित सूडानी मीडिया केंद्र के मुताबिक राष्ट्रपति उमर अल बसीर के एक शीर्ष सहयोगी नफी अली नफी ने कहा है, हेगलीग संघर्ष में एसपीएलए और भाड़े के सैनिकों के बीच संघर्ष में मृतकों की संख्या 400 तक हो गयी है।

 

हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया है कि इस संघर्ष में कितने सूडानी सैनिक मारे गए। सेना ने भी दोनों पक्षों के हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इससे पहले खारतूम सैन्य अस्पताल में करीब 100 जख्मी सैनिक उपचार के लिए भर्ती कराए गए थे।

 

उधर, हेगलीग पर 10 दिनों तक नियंत्रण रखने वाली दक्षिण सूडान की सेना ने कहा है कि उसके 19 सैनिकों की जान गयी है जबकि 240 सूडानी सैनिक मारे गए हैं। हताहतों के बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं हो पायी है। हेगलीग क्षेत्र को लेकर दक्षिण सूडान से विवाद के बाद सूडान वहां पत्रकारों और अन्य प्रेक्षकों को जाने की इजाजत नहीं देता है। (एजेंसी)

First Published: Monday, April 23, 2012, 11:37

comments powered by Disqus