नशीद का भारतीय उच्चायोग में चौथा दिन, नहीं बनी बात, Nasheed

नशीद का भारतीय उच्चायोग में चौथा दिन, नहीं बनी बात

नशीद का भारतीय उच्चायोग में चौथा दिन, नहीं बनी बातमाले : मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद आज लगातार चौथे दिन भारतीय उच्चायोग में शरण लिए रहे। इस बीच यहां की न्यायिक निगरानी संस्था ने भारतीय उच्चायुक्त डी एम मलय पर न्यायिक प्रक्रिया में दखल देने का आरोप लगाया है।

नशीद बीते बुधवार से भारतीय उच्चयोग में हैं। राष्ट्रपति रहने के दौरान पद के दुरुपयोग के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी होने के तत्काल बाद वह उच्चायोग में दाखिल हो गए थे।

आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि गुरुवार को दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत के बाद भी अब तक स्थिति में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है।

यह पूछे जाने पर कि उच्चायोग मालदीव सरकार के साथ बातचीत कर रहा है, तो सूत्रों ने कहा कि अनौपचारिक स्तर पर बातचीत चल रही है क्योंकि उच्चायोग छुट्टी होने की वजह से बंद है और सोमवार को खुलेगा।

उधर, न्याय प्रणाली के प्रशासन की निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाले न्यायिक सेवा आयोग (जेएससी) ने मलय पर आरोप लगाया कि वह स्थानीय राजनीति में दखल दे रहे हैं। भारतीय अधिकारियों ने इस आरोप को पूरी तरह से बेतुका करार दिया है।

जेएससी ने एक बयान में कहा,‘मालदीव की न्यायिक प्रक्रिया में भारतीय उच्चायुक्त दखल दे रहे हैं। इसका हमें अफसोस है।’ बयान में कहा गया है, ‘भारतीय उच्चायुक्त नशीद को राजनयिक परिसर में रखकर कानून की प्रक्रिया में अवरोध पैदा कर रहे हैं।’

भारत पहले ही मालदीव के इस आरोप को खारिज कर चुका है कि वह राजनयिक संस्थाओं को कमजोर कर रहा है। भारत का पक्ष है कि उसका मालदीव के आंतरिक मामलों में दखल देने का कोई इरादा नहीं है।

भारत के साथ संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ ने मालदीव के सभी पक्षों से संयंम बरतने की अपील की है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 16, 2013, 20:31

comments powered by Disqus