नासा का मंगल मिशन ठंडे बस्ते में - Zee News हिंदी

नासा का मंगल मिशन ठंडे बस्ते में

वॉशिंगटन : नासा ने कहा है कि उसने अपना मंगल मिशन नहीं त्यागा है लेकिन वह इस अभियान को बाद में तथा किफायती दर पर चलाएगा। राष्ट्रपति बराक ओबामा की इस माह बजट में कटौती किए जाने की घोषणा के बाद अमेरिका और यूरोप के वर्ष 2016 और 2018 में प्रस्तावित संयुक्त मंगल मिशनों को रद्द कर दिया गया है।

 

शीर्ष विज्ञान अधिकारियों ने कहा है कि वह वर्ष 2018 में कम खर्च में लाल ग्रह के रहस्य सुलझाने की योजना गर्मियों के अंत तक बनाएंगे। नासा के विज्ञान अभियानों के प्रमुख जॉन ग्रुन्सफेल्ड ने उम्मीद जताई है कि नासा वर्ष 2018 का अवसर नहीं गंवाएगा। यही वह समय होगा जब मंगल पृथ्वी के बेहद करीब होगा। ऐसा हर 15 साल में होता है और इस दौरान मंगल मिशन पर ईंधन का खर्च कम होगा तथा और अधिक उपकरण भेजने की क्षमता भी बढ़ेगी।

 

बहरहाल, इस साल के मध्य में अब तक सर्वाधिक उच्च प्रौद्योगिकी वाला रोवर ‘क्यूरोसिटी’ मंगल की सतह पर उतरेगा और जीवन के लिए जरूरी रसायन तैयार करने वाले ब्लॉक की खोज करेगा। दो साल पहले राष्ट्रपति ओबामा ने केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से कहा था कि चंद्रमा की तुलना में मंगल मिशन उनकी प्राथमिकता सूची में उपर है। वह चाहते थे कि 2030 के दशक के मध्य तक अंतरिक्ष यात्री मंगल पर कदम रख लें। लेकिन ओबामा की ही बजट कटौती की घोषणा के बाद दोनों प्रस्तावित मंगल मिशन रद्द कर दिए गए। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, February 28, 2012, 09:06

comments powered by Disqus