निर्भया को बहादुरी के लिए सम्मानित करेगा अमेरिका--US to give courage award to Delhi braveheart posthumously

निर्भया को बहादुरी के लिए सम्मानित करेगा अमेरिका

निर्भया को बहादुरी के लिए सम्मानित करेगा अमेरिकावाशिंगटन : अमेरिका ने दिल्ली सामूहिक बलात्कार घटना की पीड़ित 23 वर्षीय ‘निर्भया’ को अंतरराष्ट्रीय साहसिक महिला पुरस्कार देने का फैसला किया है। एक आधिकारिक घोषणा में कल कहा गया कि ‘निर्भया’ को मरणोपरांत इस सम्मान से आठ मार्च को अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा और विदेश मंत्री जॉन केरी द्वारा नवाजा जाएगा।

विदेश मंत्रालय ने दुनियाभर की 10 महिलाओं को इस पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा के मौके पर ‘निर्भया’ के बारे में कहा कि भारत की करोड़ों महिलाओं के लिए उसका निजी कटु अनुभव, न्याय की जंग के लिए दृढता और उसके परिवार की निरंतर बहादुरी महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बढावा देने वाले कलंक और असुरक्षा को हटाने में मदद कर रही है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने (निर्भया) अस्पताल में रहते हुए पुलिस को दो बार बयान दिये, छह हमलावरों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने की बार बार मांग की और न्याय को होते हुए देखने के लिए जीवित रहने की इच्छा जताई। मंत्रालय ने कहा कि उसके संघर्ष से प्रेरित कई भारतीयों की तरह उसका भी कामकाजी वर्ग के परिवार में जन्म हुआ। परिवार ने उसके सपनों में निवेश करके चिकित्सा क्षेत्र में पढाई कराई।

मंत्रालय के अनुसार, उसने एक फिजियोथेरेपी कार्यक्रम में स्नातक किया था जिसके बाद उसका जीवन समाप्त हो गया। मंत्रालय ने कहा कि हमले के दो हफ्तों बाद निर्भया की मौत के बीच भारत के समाज ने कानून कड़ा करने की वकालत की और हर तरह की लिंग आधारित हिंसा के खिलाफ सामाजिक कार्यक्रम का समर्थन किया ताकि बलात्कार के मामलों में उच्च दोषसिद्धि दर सुनिश्चित हो और महिलाओं को लेकर संवेदनशील कानून प्रवर्तन और न्याय प्रणाली हो। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन प्रयासों के कारण भारतीय सरकार ने इन मांगों पर कार्रवाई शुरू की।

गौरतलब है कि पैरामेडिकल छात्रा निर्भया (काल्पनिक नाम) के साथ दिल्ली में बीते साल दिसंबर में सामूहिक बलात्कार किया गया था जिसके विरोध में देशभर में आंदोलन हुआ था। वर्ष 2007 में इस पुरस्कार की शुरूआत होने के बाद से विदेश मंत्रालय ने 45 अलग अलग देशों से 67 महिलाओं को सम्मानित किया है।

इस साल यह पुरस्कार जीतने वाली अन्य महिलाएं अफगानिस्तान की मलालाई बहादुरी, मिस्र की समीरा इब्राहिम, होंडुरास की ज्यूलियट कास्टेलानोस, नाइजीरिया की डाक्टर जोसेफिन ओबीयाजुलु ओदुमाकिन, रूस की ऐलेना मिलाशिना और सोमालिया की फातरुन एडन हैं। इसके अलावा तिब्बती लेखिका सेरिंग वोइसर, मानवाधिकार कार्यकर्ता रजां जेतुनाह और वियतनाम की ब्लागर ता फोंग तान को उनकी अनुपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, March 5, 2013, 10:48

comments powered by Disqus