Last Updated: Friday, August 9, 2013, 20:33
काठमांडू : नेपाल की शीर्ष भ्रष्टाचार विरोधी संस्था ने एक कड़ी चेतावनी जारी करके लोगों से विवाह और जन्मदिन जैसे सार्वजनिक समारोहों पर अधिक खर्च नहीं करने की चेतावनी दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार कमीशन फॉर द इंवेस्टीगेशन ऑफ एब्यूज ऑफ अथारिटी (सीआईएए) ने कहा है कि विवाह समारोहों में मेहमानों की संख्या 51 से अधिक नहीं होनी चाहिए और दूल्हे को 20 ग्राम से अधिक सोना नहीं दिया जाना चाहिए।
नेपाल की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी, नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी-एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी के नेता अग्नि खनल ने अपने बेटे के विवाह के उपलक्ष्य में एक बड़ा भोज आयोजित करने की तैयारी की थी। यहां तक कि इसके लिए कार्ड भी बंट चुके थे। खनल ने कहा कि वह देश के कानून का सम्मान करते हैं और उन्होंने भोज रद्द कर दिया।
खनल ने कहा कि मैं देश के नियमों और कानूनों का पूरा सम्मान करता हूं, इसलिए मैंने भोज रद्द कर दिया। सीआईएए ने जनता से अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक समारोहों पर अधिक खर्च करने पर उसकी सूचना आयोग को देने को कहा है। सीआईएए के निर्देशों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और 30 दिनों की कैद हो सकती है।
सीआईएए के नोटिस में कहा गया है कि सार्वजनिक समारोहों पर अत्यधिक और अनावश्यक खर्च से सामाजिक असमानता बढ़ती है। सीआईएए के आदेश नए नहीं है। सामाजिक व्यवहार सुधार कानून 1976 में भी करीब चार दशक पहले ऐसे ही प्रावधान किए गए थे, लेकिन उनका शायद ही कभी पूरी तरह पालन किया गया। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 9, 2013, 20:33