Last Updated: Wednesday, June 12, 2013, 22:42

जोहानिसबर्ग : दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा ने आज संसद को बताया कि लोकतंत्र के स्तंभ माने जाने वाले और नोबेल पुरस्कार से सम्मानित नेता नेल्सन मंडेला की हालत में सुधार हो रहा है। फेफड़ों के संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती हुए आज उन्हें पांच दिन हो गए।
जुमा ने बजट सत्र के दौरान कहा, मुझे इस बात को बताते हुए खुशी हो रही है कि मदिबा (मंडेला) की हालत में आज सुबह से सुधार देखा जा रहा है। पिछले कुछ दिनों की समस्या के बाद उनके स्वाथ्य में अब हो रहे सुधार से हम खुश हैं। उन्होंने कहा कि हम उनके स्वस्थ्य होने की कामना के लिए दुनिया भर से आए संदेश की सराहना करते हैं। यह हमारे लिए सम्मान की बात है।
राष्ट्रपति भवन के कार्यालय ने शनिवार को बताया था कि मंडेला की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। पिछले शनिवार को 94 वर्षीय मंडेला को दिसंबर के बाद से चौथी बार प्रिटोरिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कल उनकी दो बेटियों मकाजेवी तथा जिंदजी एवं पूर्व पत्नी विनी मंडेला ने उनसे अस्पताल में जाकर मुलाकात की।
जुमा ने कहा, मैंने उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों से मुलाकात की। उन्होंने मुझे पूरी जानकारी दी और मुझे पूरा विश्वास है कि उन्हें पता है कि वे क्या कर रहे हैं। मंडेला काफी गंभीर लेकिन स्थिर हालत में हैं। हमें उनकी जरूरत है और मुझे विश्वास है कि वह जल्द ही हमारे साथ होंगे। मंडेला को ‘दक्षिण अफ्रीका में लोकतंत्र के पिता’ बताते हुए जुमा ने कहा कि हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। इस बीच मेडिक्लिनिक हार्ट हास्पिटल के दोनों प्रवेश द्वारों तथा आसपास सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए हैं।
मंडेला काफी समय से फेफड़ों में संक्रमण से पीड़ित हैं। वह रोबेन द्वीप पर जब राजनीतिक कैदी थे तभी उन्हें यह समस्या हुई थी। मंडेला को कारावास में क्षय रोग हो गया था। गत मार्च में एक रात को मंडेला की अस्पताल में जांच कराई गई थीं जिसे ‘नियमित जांच’ करार दिया गया था।
मंडेला को आखिरी बार जुलाई 2010 में जोहानसबर्ग में फीफा विश्वकप के दौरान सार्वजनिक तौर पर देखा गया था। मंडेला दक्षिण अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति हैं। वह 1994 से 1999 तक देश के राष्ट्रपति रहे। उन्हें रंगभेद की नीति के खिलाफ और लोकतंत्र के लिए संघर्ष का नेतृत्व करने के कारण देश का राष्ट्रपिता माना जाता है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 12, 2013, 21:00