नेवी यॉर्ड गोलीबारी में एक अमेरिकी भारतीय की भी मौत

नेवी यॉर्ड गोलीबारी में एक अमेरिकी भारतीय की भी मौत

वॉशिंगटन : अमेरिका की राजधानी में उच्च सुरक्षा वाले एक नेवी यार्ड में एक बंदूकधारी के अंधाधुंध गोलीबारी करने के कारण मारे गए 12 लोगों में एक भारतीय अमेरिकी विष्णु पंडित भी शामिल है।

सोमवार ‘वॉशिंगटन नेवी यार्ड’ में गोलीबारी में मारे गए ज्यादातर लोग सैन्य अनुबंधकर्ता थे। बंदूकधारी आरोन एलेक्सिस टैक्सास के फोर्ट वर्द से एक सैन्य अनुबंधकर्ता था और वह भी मारा गया। वाशिंगटन मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कल गोलीबारी में मरने वालों में से सात के नाम जारी किये। इनमें से एक 61 वर्षीय भारतीय अमेरिकी विष्णु पंडित है।

अन्य छह की पहचान माइकल अर्नोल्ड (59 वर्ष), सिल्विया फ्रेजर (53 साल), कैथी गार्डे (62 वर्ष), जॉन रोजर जॉन्सन (73 वर्ष), फ्रैंक कोहलर (50 वर्ष) और केनेथ बर्नार्ड प्रॉक्टर (46 वर्ष) के रूप में हुई है। पंडित के बारे में अब तक सिर्फ यही पता चला है कि वह एक रक्षा अनुबंधकर्ता था।

राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वाशिंगटन नेवी यार्ड में गोलीबारी की घटना की निंदा करते हुए इसे ‘कायरतापूर्ण कार्रवाई’ करार दिया है। बाद में ओबामा ने मृतकों के सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का आदेश दिया। उन्होंने शाम को व्हाइट हाउस में होने वाला एक संगीत समारोह भी रद्द कर दिया। घटनाक्रम पर निजी तौर पर नजर रख रहे अमेरिकी राष्ट्रपति ने जांच के बारे में ताजा जानकारी लेने के लिए एफबीआई निदेशक जेम्स कॉमे से संपर्क किया। एफबीआई एलेक्सिस के बारे में जानकारी जुटा रहा है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, September 17, 2013, 10:34

comments powered by Disqus