Last Updated: Wednesday, July 18, 2012, 09:17

वाशिंगटन : अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने जोर देकर कहा है कि अमेरिकी नौसेना के जहाज ने फारस की खाड़ी में मछली पकड़ने वाली एक नौका पर गोलीबारी करने से पहले कई बार चेतावनी दी थी। इस हमले में एक भारतीय मछुआरा मारा गया है और तीन अन्य घायल हो गए हैं।
पेंटागन के प्रेस सचिव जार्ज लिटिल ने संवाददाताओं को बताया, ‘हमें जो कुछ भी जानकारी मिली है उसके मुताबिक उस नौका को कई बार चेतावनी दी गई थी। उन चेतावनियों पर ध्यान नहीं दिया गया जिसके चलते उस पर गोलीबारी की गई।’ गौरतलब है कि दुबई तट के पास अमेरिकी नौसेना के एक जहाज पर सवार एक सुरक्षा दल ने एक छोटी नौका पर गोलीबारी की थी, जिसमें एक भारतीय मछुआरे की मौत हो गई थी जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
लिटिल ने कहा, ‘इस घटना में हुई मौत पर हमें अफसोस है।’ इस बीच, दुबई से मिली जानकारी के मुताबिक इस नौका पर सवार रहे मछुआरों ने दावा किया कि कोई चेतावनी नहीं दी गई थी। संयुक्त अरब अमीरात में नियुक्त भारत के राजदूत एमके लोकेश ने बताया, ‘इस घटना में जीवित बचे लोगों के मुताबिक उन्हें कोई चेतावनी नहीं दी गई थी।’ (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 18, 2012, 09:17