Last Updated: Saturday, August 25, 2012, 00:07

न्यूयार्क : अमेरिका के प्रमुख शहर न्यूयार्क में शुक्रवार को एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के बाहर नौकरी से बर्खास्त किए जाने से नाराज एक व्यक्ति ने भीड़भाड़ वाले स्थान पर गोलीबारी की जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस हमलावर को भी मार गिराया है। एक महीने के दौरान गोलीबारी की यह तीसरी घटना है।
न्यूयार्क पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और नौ लोग घायल हुए हैं। हमलावर मारा गया है।
न्यूयार्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, गोलीबारी करने वाले पहचान 53 साल के जेफरी जानसन के रूप में हुई है।
ब्लूमबर्ग ने कहा कि यह व्यक्ति महिलाओं के वस्त्र से जुड़ी कंपनी में काम करता था और उसे एक साल पहले नौकरी से निकाल दिया गया था।
इस हमलावर की अपने पूर्व सहकर्मी के साथ विवाद हुआ और फिर जानसन ने उसे गोली मार दी। मारे गए व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।
ब्लूमबर्ग ने कहा, इस घटना का आतंकवाद से कोई लेनादेना नहीं है। यह हत्या का एक मामला था। घायलों में किसी की हालत गंभीर नहीं है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एफबीआई इस घटना की जांच कर रही है और इसके लोग मौके पर मौजूद हैं।
दो सुरक्षा अधिाकारियों ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना का आतंकवाद से कोई लेनादेना नहीं है।
ओडेगन नामक एक व्यक्ति ने बताया, हमलावर ने एक व्यक्ति के सिर में गोली मारी और वह व्यक्ति नीचे गिर गया। इसके बाद फिर से उसने गोलीबारी की।
इस प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि हमलावर सूट पहने हुए था। न्यूयार्क में गोलीबारी की घटना 34वीं स्ट्रीट और फिफ्थ एवेन्यू में हुई। यह स्थान एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के बिल्कुल निकट है। एम्पायर स्टेट बिल्डिंग न्यूयॉर्क के प्रमुख स्थानों में से एक है।
हर साल करीब 40 लाख इस मशहूर इमारत को देखने के लिए आते हैं। इस इमारत की उंचाई 1,453 फुट है।
अमेरिका में बीते एक महीने के दौरान गोलीबारी की यह तीसरी घटना है। बीते पांच अगस्त को विस्कोन्सिन के गुरुद्वारे में एक उन्मादी व्यक्ति ने गोलीबारी की थी जिसमें छह लोग मारे गए थे।
बीते 20 जुलाई को कोलोराडो के एक थियेटर में हुई गोलीबारी में 12 लोग मारे गए थे और 57 घायल हुए थे। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 24, 2012, 19:34