Last Updated: Thursday, February 16, 2012, 05:45
ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसीतेहरान : ईरान ने परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के बाद नया कूटनीतिक दांव चला है। बुधवार को अमेरिका समेत यूरोपीय संघ के देशों को तल्ख तेवर दिखाने के बाद ईरान ने इस मुद्दे पर वार्ता की इच्छा जताई है।
ईरान के बड़े परमाणु वार्ताकार ने ईयू की विदेश नीति की प्रमुख से कहा है कि तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर ताकतवर देशों के साथ फिर से बाचतीत करना चाहता है, लेकिन ज्यादातर पश्चिमी देशों का मानना है कि वार्ता की बात कर ईरान कुछ और समय चाहता है।
इससे पूर्व ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने अपने परमाणु रिएक्टर में न्यूक्लियर ईंधन की छड़ डालने के बाद अमेरिका और पश्चिमी देशों पर परमाणु तकनीक पर एकाधिकार जमाने का आरोप लगाया था। अहमदीनेजाद ने अमेरिका और पश्चिमी देशों को घमंडी ताकतें बताते हुए उन्हें सबक सिखाने की भी बात कही थी। उन्होंने कहा कि दुनिया अब बदल चुकी है। घमंडी ताकतों का एकाधिकार अब नहीं चलेगा।
राष्ट्र के नाम संबोधन में ईरानी राष्ट्रपति ने अहमदीनेजाद ने कहा कि परमाणु का मतलब सिर्फ बम नहीं होता। ईरान अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए परमाणु कार्यक्रम पर आगे बढ़ रहा है और उसे अब रोका नहीं जा सकता। हमारा परमाणु कार्यक्रम किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं है।
First Published: Thursday, February 16, 2012, 21:43