पाक: महिला आत्मघाती हमलावर ने किया था ब्लास्ट

पाक: महिला आत्मघाती हमलावर ने किया था ब्लास्ट

पाक: महिला आत्मघाती हमलावर ने किया था ब्लास्टइस्लामाबाद : पाकिस्तान में विश्वविद्यालय की एक बस पर हुए हमले में लश्कर ए झंगवी की एक महिला आत्मघाती हमलावर शामिल थी जबकि उसके पुरूष साथियों ने दक्षिण पश्चिमी क्वेटा शहर में एक अस्पताल पर हमला किया। इन हमलों में मारे गए लोगों की संख्या आज बढ़कर 26 हो गई। बस में महिलाएं सवार थी।

प्रतिबंधित संगठन लश्कर ए झांगवी ने बस पर और बोलन मेडिकल कम्पलेक्स पर कल हुए हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि सुरक्षा बलों के अभियान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के रूप में ये हमले किए गए। एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने आज बताया कि महिलाओं के सरदार बहादुर खान विश्वविद्यालय की बस पर एक आत्मघाती हमलावर ने प्रथम विस्फोट को अंजाम दिया। यह विश्वविद्यालय महिला मेडिकल छात्राओं के लिए है।

इस हमले में 14 छात्राओं की मौत हो गई। बस में करीब 40 छात्राएं और शिक्षक सवार थे। ये लोग कक्षाएं समाप्त होने के बाद घर जाने का इंतजार कर रहे थे। विस्फोट में 22 महिलाएं घायल हो गई।

अधिकारियों के मुताबिक महिला हमलावर किसी तरह बस में सवार होने में कामयाब हो गई और इसके बाद खुद को विस्फोट कर उड़ा दिया। पीड़ितों को जब पास के बोलन मेडिकल कम्पलेक्स ले जाया गया तब अस्पताल पर एक पुरूष आत्मघाती हमलावर और हथियारों एवं गोलाबारूद से लैस आतंकवादियों ने इमारत पर हमला कर दिया। उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में कम से कम 12 लोग मारे गए जिनमें चार आतंकवादी, चार नर्स और क्वेटा के उपायुक्त शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी को पकड़ लिया और 35 बंधकों को भी मुक्त करा लिया।

मुख्य सचिव बाबर याकूब फतेह मुहम्मद ने दोनों हमलों में 26 लोगों की मौत होने और करीब 50 अन्य के घायल होने की पुष्टि की है। गृहमंत्री चौधरी निसार अली खान ने कल संवाददाताओं को बताया था कि शुरूआती सूचना के मुताबिक 12 से 14 आतंकवादियों ने परिसर पर धावा बोला था। (एजेंसी)

First Published: Sunday, June 16, 2013, 20:05

comments powered by Disqus