Last Updated: Saturday, August 11, 2012, 12:57
इस्लामाबाद : पाकिस्तान में दो दिन पहले अगवा की गई 14 वर्षीया हिंदू किशोरी ने इस्लाम कबूल कर एक मुसलमान के साथ निकाह रचा लिया है। लेकिन किशोरी के क्षुब्ध पिता ने कहा है कि वह कभी भी अपना धर्म नहीं बदल सकती, उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया है। यह जानकारी एक मीडिया रपट में सामने आई है।
जियो न्यूज ने प्राप्त खबरों के हवाले से कहा है कि मनीषा कुमारी (14) अब महविश बन गई है और उसने एक अज्ञात स्थान से अपने माता-पिता को फोन पर अपने धर्म परिवर्तन के बारे में जानकारी दी। उसने कहा कि ऐसा उसने स्वेच्छा से किया है और गुलाम मुस्तफा चन्ना नामक व्यक्ति से उसने प्रेम विवाह रचाया है।
किशोरी के पिता रवत माल ने आरोप लगाया है कि उसके अपहर्ताओं ने उसे धर्म परिवर्तन और निकाह के लिए मजबूर किया है। उन्होंने जियो न्यूज से कहा, `वह कभी भी अपना धर्म नहीं छोड़ सकती, उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया है।`
किशोरी के चाचा संजय सिंह ने कहा कि फोन पर उसकी आवाज कांप रही थी और ऐसा लगा कि वह सबकुछ दबाव में कह रही थी। उन्होंने कहा, `फोन पर वह भयभीत लग रही थी। उसके इर्द-गिर्द तमाम लोग उसे निर्देश दे रहे थे, हमें उनके द्वारा दिए जा रहे निर्देश सुनाई दे रहे थे।` ज्ञात हो कि सिंध में हिंदुओं की अच्छी-खासी आबादी है। पाकिस्तान में हिंदू समुदाय सबसे बड़ा अल्पसंख्यक वर्ग है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 11, 2012, 12:57