Last Updated: Monday, January 30, 2012, 17:13
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पेशावर शहर के बाहरी इलाके में सोमवार को एक आत्मघाती हमले में सरकार समर्थक एक स्वयंभू चरमपंथी कमांडर, उसके दामाद और दो अन्य की मौत हो गई।
‘अंसार उल इस्लाम’ समूह के नेता हाजी अखूंदजदा और उनके दामाद मारे गए लोगों में शामिल हैं। हमलावर ने पखा गुलाम इलाके में स्थित अखूंदजदा के घर को निशाना बनाते हुए विस्फोट किया। मारे गए तीसरे व्यक्ति की तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी है। हमले में आठ लोग घायल हो गए।
पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में दो बच्चों समेत आठ घायलों को लाया गया है। उन्होंने पांच घायलों की हालत गंभीर बताई।
पेशावर जिला प्रशासन प्रमुख सिराज अहमद खान ने अखूंदजदा और उनके दामाद के मारे जाने की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला दो आतंकवादी समूहों की आपसी रंजिश का परिणाम था जो अशांत खबर कबाइली इलाके में सक्रिय हैं।
अन्य अधिकारियों ने बताया कि उन्हें हमलावर के शरीर के टुकड़े मिले हैं। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
अखूंदजदा पर पहले भी कई हमले हुए थे। खबर प्रांत में तालिबान और लश्कर ए इस्लाम समेत कई उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 30, 2012, 23:39