Last Updated: Monday, March 11, 2013, 20:47
लाहौर : पाकिस्तान के लाहौर शहर स्थित आतंकवाद विरोधी अदालत ने एक ईसाई बहुल इलाके पर हमले के मामले में 35 आरोपियों को हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आज दोपहर 35 संदिग्धों को अदालत के समक्ष पेश किया था। इनमें से 14 आरोपियों को न्यायिक हिरासत और शेष को पुलिस की हिरासत में भेजा गया है।
बीते शनिवार को लाहौर के जोसफ कालोनी पर सैकड़ों लोगों ने धावा बोल दिया था। ये लोग यहां रहने वाले एक युवक की तलाश कर रहे थे जिसने कथित तौर पर ईशनिंदा की थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन संदिग्धों को आतंकवाद विरोधी अधिनियम सहित कानून की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी बनाया गया है। इन पर हत्या के प्रयास, डकैती, आगजनी और आतंकवाद का मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना के संदर्भ में 160 से अधिक आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। हमले के बाद बड़ी संख्या में लोगों को जोसफ कोलोनी से जान बचानकर भागना पड़ा था। इस कालोनी में अधिकांश लोग ईसाई समुदाय के हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लाहौर की जोसफ कोलोनी पर हमले के मामले में दूसरे संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें बाद में अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। संदिग्धों की पहचान तस्वीरों और हमले से जुड़े वीडियो के जरिए की गई है। पुलिस के अनुसार प्राथमिकी में कुल 83 लोगों को नामजद किया गया है। पंजाब और सिंध प्रांत में ईसाई संगठनों ने इस हमले के विरोध में स्कूलों को आज बंद रखा।
मुल्तान और क्वेटा कई स्थानों पर गिरजाघरों की सुरक्षा में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 11, 2013, 20:47