पाक में हिंसा,10 लोगों की मौत - Zee News हिंदी

पाक में हिंसा,10 लोगों की मौत

 

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हिंसा की दो अलग-अलग घटनाओं में आतंकवादियों ने गुरुवार को अल्पसंख्यक शिया समुदाय के छह सदस्यों और संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के दो कर्मचारियों सहित 10 लोगों की हत्या कर दी।

 

बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में मोटर साइकिल पर सवार संदिग्ध आतंकवादियों ने एक वैन पर अंधाधुंध गोलीबारी करके छह व्यक्तियों की हत्या कर दी जिसमें एक महिला भी शामिल है। शिया समुदाय ने कहा कि मारे गये सभी व्यक्ति अल्पसंख्यक समुदाय के थे और इस घटना को हत्या करने के उद्देश्य से किया गया हमला बताया। इस हमले में पांच लोग घायल हुए। उन्हें क्वेटा के दो अस्पतालों में ले जाया गया है।

 

पुलिस ने बताया कि स्पीनी रोड पर वैन पर यह हमला उस समय किया गया जब उसमें बैठे लोग काम पर जा रहे थे। बंदूकधारी गोलीबारी करके फरार हो गये। अब तक किसी संगठन ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में किसी चरमपंथी संगठन के शामिल होने का संदेह है। घटना के बाद क्वेटा मे कई स्थलों पर हिंसा हुई।

 

गोलीबारी की घटनाओं में एक पुलिसकर्मी सहित दो लोगों की मौत हुई जबकि कई अन्य घायल हो गये। एक अलग घटना में संदिग्ध आतंकवादियों ने आज सुबह मसतुंग शहर में खाद्य एवं कृषि संगठन के एक वाहन पर हमला किया जिसमें दो कर्मचारियों की मौत हुई।

 

पुलिस ने बताया कि घटना में संयुक्त राष्ट्र एजेंसी का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस हमले के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस हमले की किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

 

इस घटना के बाद क्वेटा के शिया समुदाय के नाराज सदस्य सड़कों पर उतर आए और व्यस्त बरोरी रोड पर प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क पर यातायात को अवरूद्ध कर दिया। वे सरकार और पुलिस विरोधी नारे लगा रहे थे।  (एजेंसी)

First Published: Thursday, March 29, 2012, 21:35

comments powered by Disqus